एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने, वकीलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कल्याणकारी मांगों को लेकर राजधानी में जल्द ही व्यापक आंदोलन होगा। यह निर्णय मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल की ओर से लिया गया है। आंदोलन के संचालन और समन्वय के लिए सात सदस्यीय समिति गठित की गई है।
स्टेट बार काउंसिल के चेयरमैन राधेलाल गुप्ता ने भोपाल के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रियनाथ पाठक को समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं अधिवक्ता खालिद हफीज को मीडिया प्रभारी बनाया गया है। समिति में जिला बार एसोसिएशन के सह सचिव सोनल नायक सहित होशंगाबाद से मनोज जराठे और सुरेंद्र सिंह राजपूत, छतरपुर से अनिल द्विवेदी तथा जबलपुर से प्रशांत दुबे को सदस्य बनाया गया है।
आंदोलन की रणनीति और अधिकार
गठित समिति प्रस्तावित आंदोलन के सभी कार्यों का संचालन, समन्वय और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगी। समिति को आवश्यकतानुसार वालंटियर नियुक्त करने, प्रशासन से समन्वय स्थापित करने, सुरक्षा व्यवस्था और सभा प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है।
स्पष्ट किया गया है कि आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में संचालित होगा। किसी भी अप्रिय स्थिति में समिति तत्काल निर्णय लेकर स्टेट बार काउंसिल को अवगत कराएगी। जरूरत पड़ने पर उप-समितियां भी गठित की जा सकेंगी।
सांसद और मुख्यमंत्री से मुलाकात की तैयारी
समिति अध्यक्ष प्रियनाथ पाठक ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल जल्द ही सांसद आलोक शर्मा और मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात कर वकीलों की मांगों के निराकरण की मांग करेगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो प्रदेशभर के डेढ़ लाख से अधिक वकील राजधानी भोपाल में एकत्र होकर आंदोलन को व्यापक स्वरूप देंगे।
Source link