भिंड में ठेकों को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प: हवाई फायरिंग और चले लाठी-डंडे; 8 लोगों पर क्रॉस FIR दर्ज – Bhind News

भिंड में ठेकों को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प:  हवाई फायरिंग और चले लाठी-डंडे; 8 लोगों पर क्रॉस FIR दर्ज – Bhind News




भिंड जिले के मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में इंडस्ट्रीज पर दबदबा बनाने और ठेके हासिल करने को लेकर दो पक्षों के बीच रविवार शाम और सोमवार को हिंसक झड़प हो गई। घिरोंगी गांव में हुए इस विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, लाठी-डंडे चले और हवाई फायरिंग की गई। वर्तमान में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर 8 लोगों के खिलाफ क्रॉस एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। जानकारी के मुताबिक, मालनपुर इंडस्ट्रियल एरिया में टेंडर, स्क्रैप और राख (वेस्टेज) उठाने के ठेकों को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही है। आरोप है कि कुछ लोग उद्योग संचालकों और प्रबंधन पर दबाव बनाकर ठेके हासिल करते हैं और अपने मुताबिक काम कराते हैं। इसी वर्चस्व की लड़ाई को लेकर रविवार शाम घिरोंगी गांव में यह विवाद भड़क गया। रविवार की घटना के बाद सोमवार को भी दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और दोबारा फायरिंग की सूचना सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
टेंडर छिनने और मोरम सप्लाई को लेकर बढ़ा विवाद विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, पहले एक पक्ष को इंडस्ट्री से निकलने वाली राख उठाने का ठेका मिलता था। इससे उन्हें दोहरा लाभ होता था, जिसमें कंपनी से भुगतान मिलने के साथ-साथ राख को भराव कार्य में उपयोग करने के बदले अलग से रकम मिलती थी। इस बार दूसरा पक्ष यह टेंडर लेने में सफल रहा, जिससे पुराने पक्ष ने इसका विरोध शुरू कर दिया। इसके अलावा, बंद पड़ी इंडस्ट्री के स्क्रैप और निर्माण कार्य में मोरम सप्लाई के ठेकों को लेकर भी विवाद बताया जा रहा है। लगातार हो रही इन घटनाओं से उद्योग जगत से जुड़े लोग भय और असमंजस की स्थिति में हैं।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई क्रॉस एफआईआर इस हिंसक विवाद में एक पक्ष की ओर से सचिन उर्फ अंकुश (पुत्र मंगल सिंह गुर्जर) की शिकायत पर भोलू, भानु, दीपू घिरोंगी और पंकज (निवासी महाराजपुरा) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से धर्मेंद्र (पुत्र पंजाब सिंह गुर्जर) की शिकायत पर विष्णु, सचिन गुर्जर, मोहित और सुनील गुर्जर (निवासी घिरोंगी) के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। थाना प्रभारी बोले- पुरानी रंजिश का है मामला इस पूरे घटनाक्रम और विवाद को लेकर मालनपुर थाना प्रभारी प्रदीप सोनी ने पुलिस का पक्ष रखा है। थाना प्रभारी प्रदीप सोनी का कहना है कि, “दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। इंडस्ट्री से संबंधित किसी नए विवाद की आधिकारिक पुष्टि नहीं है। दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर समझाइश दी गई है और बाउंडओवर की कार्रवाई की गई है।”



Source link