Last Updated:
India Playing XI vs Zimbabwe : भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ हर हाल में अक्षर पटेल को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की सलाह दी है. उन्होंने बताया कि तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की जगह उनको टीम में शामिल किया जा सकता है.
जिम्बाब्वे के खिलाफ प्लेइंग इलेवन को लेकर सुनील गावस्कर का सुझाव
नई दिल्ली. भारत के ऑलराउंडर अक्षर पटेल को टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में शामिल न करने को लेकर काफी चर्चा हो रही है. इस मैच में भारत को 76 रन से हार का सामना करना पड़ा, वहीं अक्षर की जगह खेलने वाले वॉशिंगटन सुंदर बल्ले और गेंद दोनों से खास प्रदर्शन नहीं कर सके. जिम्बाब्वे के खिलाफ अगले मैच से पहले भारत के दिग्गज कप्तान सुनील गावस्कर ने साफ कहा कि अक्षर पटेल को प्लेइंग इलेवन में वापस लाना चाहिए. उन्होंने सुझाव दिया कि वह तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की जगह ले सकते हैं.
गावस्कर ने जियोस्टार पर कहा, “मैं अक्षर पटेल को प्लेइंग इलेवन में वापस लाने के बारे में सोचूंगा, खासकर जिम्बाब्वे की टीम में ज्यादा बाएं हाथ के बल्लेबाज न होने को ध्यान में रखते हुए. आप उन्हें अर्शदीप सिंह की जगह ला सकते हैं. अर्शदीप ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ बहुत अच्छी गेंदबाजी की थी और आप ऐसे खिलाड़ी को बदलना नहीं चाहेंगे जो इतनी अच्छी लय में हो. तो शायद टीम कोई बदलाव न करे और उसी टीम के साथ जाए.”
भारत के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोएशेट और बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने कहा कि यह फैसला पूरी तरह से रणनीतिक कारणों से लिया गया था. उन्होंने पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हां, पिछले कुछ दिनों में हमने प्लेइंग इलेवन को लेकर काफी विचार-विमर्श किया. हम मिडिल ओवरों में मैच-अप्स को ज्यादा देख रहे थे. अब पीछे मुड़कर देखें तो लगता है कि अक्षर को खिलाना सही फैसला होता, लेकिन उस समय हमें लगा कि हमें आठवें बल्लेबाज के तौर पर रिंकू की जरूरत है. फैसला इसी के इर्द-गिर्द लिया गया था.”
उन्होंने बार-बार जोर देकर कहा कि यह फैसला अक्षर की टीम में अहमियत या उपकप्तान के तौर पर उनकी भूमिका पर सवाल नहीं उठाता. टेन डोएशेट ने कहा, “यह अक्षर और उनकी लीडरशिप या टीम में उनकी अहमियत को कम आंकने के लिए बिल्कुल नहीं है.”
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें