उमा भारती का परिवार निशाने पर! बेटे-बहू को बम से उड़ाने की धमकी, बंगले तक पहुंचकर दी खुली चेतावनी

उमा भारती का परिवार निशाने पर! बेटे-बहू को बम से उड़ाने की धमकी, बंगले तक पहुंचकर दी खुली चेतावनी


रिपोर्ट-राजीव रावत/टीकमगढ़

मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेत्री उमा भारती के परिवार में सुरक्षा को लेकर सनसनी फैल गई है. टीकमगढ़ में उनकी बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता-राहुल लोधी को सोशल मीडिया पर बम से उड़ाने की धमकी मिली है. मामला यहीं नहीं रुका, फेसबुक पर धमकी भरे कमेंट के कुछ ही घंटों बाद दो नकाबपोश युवक उनके बंगले पर भी धमकाने पहुंच गए.

बस से उड़ाने की दी धमकी
शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और जांच तेज कर दी है. साइबर सेल की मदद से धमकी देने वाले फेसबुक अकाउंट की भी जांच की जा रही है.
घटनाक्रम के अनुसार टीकमगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता-राहुल लोधी ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने 21 फरवरी को फेसबुक पर एक पोस्ट साझा की थी.

इस पोस्ट पर 22 फरवरी की देर रात ‘जीडब्ल्यू बृजेंद्र कुशवाहा’ नाम की एक फेसबुक आईडी से एक धमकी भरा कमेंट आया. कमेंट में उन्हें और उनके पति, पूर्व मंत्री राहुल लोधी को निशाना बनाते हुए जान से मारने और बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. श्रीमती लोधी ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत उस कमेंट का स्क्रीनशॉट ले लिया.

जिला पंचायत अध्यक्ष के बंगले पर पहुंचे दो नाकाबपोश
इसी रात करीब 11 बजे, जब वह देहात थाना क्षेत्र स्थित अपने बंगले पर थीं, तो दो अज्ञात युवक वहां आ धमके. इन युवकों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे. जिला पंचायत अध्यक्ष ने उन्हें छज्जे से देखा. आरोप है कि उन्हें देखते ही दोनों युवकों ने गालियां देना शुरू कर दिया और जान से मारने की धमकी दोहराई.

CCTV खंगाल रही पुलिस
जिला पंचायत अध्यक्ष के शोर मचाने पर जब तक एक अन्य व्यक्ति अमर सिंह मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों आरोपी वहां से फरार हो चुके थे. चेहरे ढके होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी. इस घटना की जानकारी तत्काल पति राहुल सिंह लोधी को दी गई.

अगले दिन, 23 फरवरी को उन्होंने देहात थाने पहुंचकर पूरी घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 296(बी), 351(3), और 3(5) के तहत FIR दर्ज की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बंगले और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. इसके साथ ही साइबर पुलिस की टीम उस फेसबुक आईडी की जांच में जुट गई है, जिससे यह धमकी दी गई थी.



Source link