Last Updated:
ब्रिस्बेन: ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने पहले वनडे में भारत को छह विकेट से हराकर तीन मैच की सीरीज में 1-0 की लीड बना ली. भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 214 रन बनाए थे. जवाब में मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने 38.2 ओवर में ही चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. ऑस्ट्रेलिया की छह विकेट की जीत में बेन मूनी ने सबसे ज्यादा 79 गेंद में 76 रन बनाए.
इससे पहले कप्तान हरमनप्रीत कौर और उप कप्तान स्मृति मंधाना के अर्धशतकों के बावजूद भारतीय टीम 214 रन पर आउट हो गई. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से स्पिनर एशले गार्डनर सबसे सफल गेंदबाज रहीं, उन्होंने सात ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट लिए.
किम गार्थ और एलिसे पेरी के चोटिल होने के कारण तीन मैच की श्रृंखला से बाहर होने के बाद तेज गेंदबाज मेगन शट और लूसी हैमिल्टन को अंतिम समय में ऑस्ट्रेलिया की टीम में शामिल किया गया.
भारत के टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरने के बाद मेगन ने मैच के पहले ओवर की दूसरी गेंद पर ही प्रतिका रावल को अपनी तेज इनस्विंगर गेंद से आउट कर दिया. रावल पिछले साल घरेलू मैदान पर खेले गए वनडे विश्व कप में भारत की जीत के दौरान टखने में लगी चोट से उबरकर राष्ट्रीय टीम की तरफ से पहली बार कोई मैच खेल रही थी.
शेफाली वर्मा (04) ने पहली बार तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए निराश किया, उन्होंने डार्सी ब्राउन को सीधा कैच थमाया. मंधाना (68 गेंदों में 58 रन) ने स्लिप कॉर्डन पर लगातार चौके लगाए, उनके ड्राइव भी दर्शनीय थे.
ऑस्ट्रेलिया के स्पिनरों ने बीच के ओवरों में दबाव बनाए रखा और गार्डनर ने जेमिमा रोड्रिग्स (08) को एक फुल लेंथ गेंद पर विकेटकीपर के हाथों कैच आउट कराया. मंधाना और दीप्ति शर्मा (02) के आउट होने के बाद हरमनप्रीत (84 गेंदों में 53 रन) ने पारी को संभालने का प्रयास किया. हालांकि वह भी गार्डनर की गेंद पर डीप में स्वीप शॉट खेलकर आउट हो गईं. रिचा घोष ने 23 रन बनाए.
काशवी गौतम (44 गेंदों में 43 रन) ने स्कोर को 200 रन के पार पहुंचाया। उन्होंने कुल तीन छक्के लगाए, जिनमें मेगन की गेंद पर लॉन्ग-ऑन के ऊपर से लगाया गया दर्शनीय छक्का भी शामिल है.
यह ख़बर बिल्कुल अभी आई है और इसे सबसे पहले आप News18Hindi पर पढ़ रहे हैं. जैसे-जैसे जानकारी मिल रही है, हम इसे अपडेट कर रहे हैं. ज्यादा बेहतर एक्सपीरिएंस के लिए आप इस खबर को रीफ्रेश करते रहें, ताकि सभी अपडेट आपको तुरंत मिल सकें. आप हमारे साथ बने रहिए और पाइए हर सही ख़बर, सबसे पहले सिर्फ Hindi.News18.com पर…
About the Author
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें