दतिया जिले के कुम्हार्रा गांव स्थित आयुष्मान आरोग्य केंद्र में सोमवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बाहर से पूरी तरह ताले में बंद स्वास्थ्य केंद्र के अंदर एक संदिग्ध युवक मौजूद पाया गया। घटना के वक्त मौके पर पहुंचीं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) ने जब उसे पकड़ा, तो वह गेट फांदकर भागने लगा। वर्तमान में इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचने के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने मामले में एफआईआर (FIR) दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, कुम्हार्रा गांव का यह आयुष्मान आरोग्य केंद्र बाहर से पूरी तरह ताले में बंद था। इसके बावजूद एक संदिग्ध युवक अंदर घुस गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब युवक अंदर था, तब उसने अपने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि जब बाहर से ताला लगा था, तो यह युवक अंदर कैसे और किस मकसद से घुसा था और उसने अंदर बंद रहकर क्या किया। CHO के पहुंचते ही गेट पर चढ़ा, वायरल हुआ वीडियो
सोमवार को जब केंद्र की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) वहां पहुंचीं, तो उन्होंने अंदर एक व्यक्ति को देखा। युवक ने जैसे ही उन्हें देखा, वह तुरंत आरोग्य केंद्र के गेट पर चढ़ गया और बाहर निकलने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान CHO ने पूरे घटनाक्रम का अपने मोबाइल से वीडियो बना लिया। मंगलवार दोपहर सामने आए इस वायरल वीडियो में युवक के साथ केंद्र के बाहर खड़ी उसकी बाइक भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। CMHO बोले- मामला संदिग्ध है, दर्ज कराएंगे FIR
सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में इस तरह किसी बाहरी व्यक्ति के घुसने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। इस पूरे मामले को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. बी.के. वर्मा ने बताया कि यह प्रकरण उनके संज्ञान में आया है। घटना सोमवार की है और इसकी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला पूरी तरह से संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और विभाग की ओर से संबंधित युवक के खिलाफ जल्द ही एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
Source link