पिता ने बेटी-पत्नी को जहर दिया, खुद भी पीया: पिता-बेटी की मौत; महिला ICU में भर्ती, ऑनलाइन गेम की लत में 4 लाख कर्ज हुआ था – Shahdol News

पिता ने बेटी-पत्नी को जहर दिया, खुद भी पीया:  पिता-बेटी की मौत; महिला ICU में भर्ती, ऑनलाइन गेम की लत में 4 लाख कर्ज हुआ था – Shahdol News




शहडोल के कोतवाली थाना क्षेत्र की पुरानी बस्ती में रहने वाले एक शख्स ने ऑनलाइन गेम की लत और कर्ज से परेशान होकर अपनी पत्नी और बेटी को जहर मिली कोल्ड ड्रिंक पिला दी और फिर खुद भी पी ली। घटना 24 फरवरी की रात की है। 25 फरवरी की सुबह बेटी की जान चली गई, वहीं शाम 6 बेज पिता ने भी दम तोड़ दिया, जबकि मां अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही हैं। जानकारी के मुताबिक, 40 वर्षीय शंकर लाल गुप्ता को ‘बीडीजी’ नाम के ऑनलाइन गेम की बुरी लत थी। वह इस खेल में करीब 4 लाख रुपए हार चुका था। कर्ज के बढ़ते बोझ और आर्थिक तंगी की वजह से वह काफी समय से तनाव में चल रहा था। कभी खुद की मोबाइल दुकान चलाने वाला शंकर अब सड़क किनारे छोटी सी दुकान लगाकर गुजारा करने को मजबूर था। पत्नी-बेटी को पिलाया जहर, बेटा बाहर होने से बचा मंगलवार रात शंकर ने अपनी पत्नी राजकुमारी और 16 साल की बेटी स्वाति को धोखे से कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया और खुद भी जहर निगल लिया। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी उन्हें अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान पहले बेटी स्वाति की मौत हो गई। गमगीन परिवार अभी बेटी का अंतिम संस्कार कर लौटा ही था कि शंकर ने भी दम तोड़ दिया। खुशकिस्मती से शंकर का 15 साल का बेटा उस वक्त घर पर नहीं था, जिससे उसकी जान बच गई। पुलिस कर रही है मामले की जांच उप निरीक्षक उपेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि शुरुआती जांच में खुदकुशी की वजह ऑनलाइन गेमिंग में हुआ भारी नुकसान और आर्थिक तंगी ही लग रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। फिलहाल घायल पत्नी का इलाज मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में चल रहा है।



Source link