Last Updated:
Jabalpur News: जबलपुर में असली और नकली किन्नरों के बीच जमकर मारपीट हुई. असली किन्नरों ने नकली किन्नर के कपड़े तक फाड़ डाले और फिर उसे अपनी कार में बिठाकर चले गए. अभी तक इस मामले की पुलिस में किसी पक्ष ने शिकायत नहीं दर्ज करवाई है.
आपस में भिड़े असली और नकली किन्नर
मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां गुरुवार की शाम को जिले में असली किन्नरों और नकली किन्नरों के बीच जमकर विवाद देखने को मिला. इस विवाद में खूब मार पीट हुई और इस दौरान उन्हें देखने के लिए काफी भीड़ भी जमा हो गई. विवाद में असली किन्नरों ने एक नकली किन्नर के कपड़े उतारकर खूब पीटा.
नकली किन्नर बनकर घूम रहा था युवक
मामला जबलपुर जिले के मदन महल थाना के रिंग रोड का है, जहां असली किन्नरों को सूचना मिली कि उनके क्षेत्र में एक युवक है, जो नकली किन्नर बनकर और वेशभूषा बदलकर लोगों से मांगने का काम कर रहा है. सूचना मिलने के बाद असली किन्नर कार में सवार होकर वहां पहुंचे, जहां पर नकली किन्नर घूम रहा था. पहले तो इनकी आपस में खूब बहस हुई.
नकली किन्नर को कार में बैठाकर चले गए असली किन्नर
इसके बाद किन्नरों की भीड़ ने उसे घेरा और फिर जमकर धुनाई की. शहर के सबसे व्यस्त लिंक रोड में जब वारदात हो रही थी. उसी दौरान लोगों की भीड़ भी लग गई. इसके बावजूद भी असली किन्नर नकली किन्नर के साथ मारपीट करते रहे. इस दौरान नकली किन्नर के कपड़े तक फाड़ दिए गए. मारपीट करने के बाद असली किन्नर ने नकली किन्नर को अपने साथ कार में बैठाया और फिर वहां से रवाना हो गए.
पुलिस को अभी तक नहीं मिली है मामले की जानकारी
इस घटना को लेकर जहां पूरे शहर में चर्चा चल रही है तो वहीं मदन महल थाना पुलिस को इस पूरी घटना को लेकर कुछ भी जानकारी नहीं है. मदन महल थाना प्रभारी धीरज राज का कहना है कि किन्नरों के बीच मारपीट हुई है. इस तरह की कोई भी शिकायत पुलिस तक नहीं पहुंची है. अगर कोई रिपोर्ट करता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी.