ओरछा-टीकमगढ़-शाहगढ़ मार्ग फोरलेन करने की मांग: सिंधिया ने गडकरी को पत्र लिखकर की अनुशंसा – Tikamgarh News

ओरछा-टीकमगढ़-शाहगढ़ मार्ग फोरलेन करने की मांग:  सिंधिया ने गडकरी को पत्र लिखकर की अनुशंसा – Tikamgarh News




टीकमगढ़-ओरछा-शाहगढ़ मार्ग को फोरलेन करने की मांग की गई है। इस संबंध में शुक्रवार को भाजपा जिला उपाध्यक्ष विकास यादव ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र सौंपा। पत्र के माध्यम से उन्होंने ओरछा-शाहगढ़ वाया टीकमगढ़ सड़क को फोरलेन करने की मांग की। विकास यादव ने बताया कि भारत सरकार ने ओरछा, टीकमगढ़, शाहगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग 539 को अधिसूचित किया है। इसकी लंबाई 155 किलोमीटर है और निर्माण एजेंसी भारतीय सड़क विकास प्राधिकरण है। वर्तमान में इस मार्ग का सर्वे एवं भू-अर्जन का कार्य किया जा रहा है। इस मार्ग को फोरलेन कराने के लिए केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा है। सिंधिया ने अपने पत्र में जनहित और क्षेत्रीय विकास का हवाला दिया है। पत्र में सिंधिया ने उल्लेख किया है कि झाँसी-खजुराहो राष्ट्रीय राजमार्ग 39 के 9 किलोमीटर से ओरछा, टीकमगढ़, शाहगढ़ (सागर-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-34) तक का मार्ग वर्तमान में टू-लेन में प्रस्तावित है। उन्होंने इसे टू-लेन के स्थान पर फोरलेन करने को उचित बताया। उन्होंने तर्क दिया कि इस मार्ग पर विश्व धरोहर ओरछा (श्री रामराजा सरकार की नगरी), ओरछा सफारी, बुंदेलखंड का पावन तीर्थ अछरू माता मंदिर और जैन तीर्थ पपौरा जी जैसे महत्वपूर्ण स्थल स्थित हैं। इन स्थलों पर हजारों-लाखों की संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु आते हैं। सिंधिया ने आगे बताया कि यह मार्ग दो राष्ट्रीय राजमार्गों को आपस में जोड़ता है, जिससे दिल्ली की ओर से आने वाले और दक्षिण की ओर जाने वाले यातायात की दूरी में लगभग 50 किलोमीटर की कमी आएगी। इससे ईंधन की खपत कम होगी और पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र की आवागमन सुविधा, आर्थिक गतिविधियों और पर्यटन विकास को प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित करेगा। इसलिए उन्होंने निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर के इस टू-लेन मार्ग के स्थान पर फोरलेन मार्ग के प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार कर स्वीकृति प्रदान करने तथा परियोजना की वर्तमान स्थिति से अवगत कराने का अनुरोध किया है।



Source link