सिवनी जिले के लखनवाड़ा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 44 पर शुक्रवार शाम सिमरिया पुल के पास ईंटों से भरे एक ट्रक ने खड़ी फॉर्च्यूनर कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे जा गिरे। इस हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि नौ लोग घायल हैं। जानकारी के मुताबिक, छिंदवाड़ा के रहने वाले जितेंद्र सूर्यवंशी अपने साथियों कन्हैया और आदित्य के साथ कार से ग्राम नंदौरा गए थे। लौटते समय उन्होंने सिमरिया पुल के पास अपनी कार साइड में खड़ी की थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। एक की मौत, नौ घायल हादसे में ट्रक में सवार 20 वर्षीय मजदूर संदीप मर्शकोले की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार सवार कन्हैया और आदित्य सहित ट्रक में मौजूद अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समय पर नहीं मिली एंबुलेंस प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हादसे के बाद नेशनल हाईवे की एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिसके कारण घायलों को अस्पताल पहुंचाने में काफी परेशानी हुई। बाद में लखनवाड़ा पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और घायलों को नीचे से बाहर निकाला। पुलिस की कार्रवाई थाना प्रभारी चंद्रकिशोर सिरामें ने बताया कि हादसे का मुख्य कारण ट्रक चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार नजर आ रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।
Source link