सीएम ने मंत्री का भाषण रोका, बोले-जबरदस्ती ठोके जा रहे: उल्टा हो गए कांग्रेस विधायक; नरोत्तम मिश्रा बोले- दतिया से ही लड़ूंगा चुनाव – Madhya Pradesh News

सीएम ने मंत्री का भाषण रोका, बोले-जबरदस्ती ठोके जा रहे:  उल्टा हो गए कांग्रेस विधायक; नरोत्तम मिश्रा बोले- दतिया से ही लड़ूंगा चुनाव – Madhya Pradesh News


मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा।

.

सीएम ने मंत्री का चलता भाषण रोक दिया मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भरे मंच पर मंत्री नागर सिंह चौहान का भाषण रुकवा दिया। उन्होंने साफ कहा कि आज भाषणबाजी नहीं होगी। हालांकि ये हंसी-मजाक के लहजे में कहा। सीएम आलीराजपुर जिले के उदयगढ़ में आयोजित भगोरिया हाट कार्यक्रम में पहुंचे थे।

दरअसल, मुख्यमंत्री को कार्यक्रम के चलते जल्दी थी। इसी दौरान मंच पर मंत्री नागर सिंह चौहान ने भाषण शुरू किया, लेकिन वे लगातार बोलते रहे। मुख्यमंत्री उन्हें इशारों में भाषण छोटा रखने को कहते रहे, मगर मंत्री नहीं रुके।

आखिरकार सीएम खुद उठकर डायस पर पहुंचे, माइक संभाला और बोले- भगोरिया की धूम में कौन भाषण सुनता है? जबरदस्ती भाषण ठोके जा रहे हैं। इतना आनंद का माहौल है, जोरदार तालियां बजाइए। आज भाषणबाजी नहीं चलेगी।

मुख्यमंत्री की यह बात सुनकर मंच पर मौजूद लोग हैरान रह गए। साथ ही ठहाके भी लगाए। अब कहने वाले कह रहे हैं कि मंत्री की अपने ही गृह क्षेत्र में भरी सभा में रुसवाई हो गई। हालांकि, मंत्री नागर सिंह चौहान भी मुख्यमंत्री की बात पर हंसते नजर आए।

आलीराजपुर के उदयगढ़ में सीएम ने मंत्री नागर सिंह का भाषण रोक दिया।

सरकार के विरोध में विधायक का शीर्षासन मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर में श्योपुर से कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने शीर्षासन कर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। दरअसल, एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग के मामले में विधायक पर केस दर्ज किया गया है। इसी कार्रवाई के विरोध में उन्होंने प्रदर्शन किया।

सरकार तक ‘सीधे’ अपनी बात पहुंचाने के लिए विधायक उल्टे हो गए और सिर के बल खड़े होकर विरोध जताया। जैसे ही उन्होंने शीर्षासन किया, मीडिया के कैमरे उनकी ओर मुड़ गए। इसी मुद्रा में उन्होंने मीडिया से बातचीत भी की।

वहीं, सरकार ने विधायक के इस विरोध को गंभीरता से नहीं लिया और इसे महज योगासन बताया। कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे तो योग कर रहे थे।

वैसे कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल योग में पारंगत माने जाते हैं। इससे पहले भी वे पानी में योगासन करते हुए नजर आ चुके हैं। अब लोग कह रहे हैं कि विधायक का यह टैलेंट विरोध प्रदर्शन में भी काम आ रहा है।

बस ये देखना है कि उनके इस योग के उन पर लटक रही कार्रवाई का योग टलता है या नहीं ।

विधानसभा में कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने शीर्षासन कर विरोध जताया।

विधानसभा में कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने शीर्षासन कर विरोध जताया।

नरोत्तम बोले- दतिया से तो मरकर ही हटेंगे पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने ऐलान किया है कि वे आगामी विधानसभा चुनाव दतिया से ही लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी विरोधी मुंगेरीलाल के हसीन सपने न देखे।

दरअसल, हाल ही में नरोत्तम मिश्रा ने ग्वालियर जिले के डबरा में नवग्रह शक्तिपीठ की स्थापना कराई है। इस आयोजन के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई थी कि वे इस बार दतिया की बजाय डबरा से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।

इन अटकलों पर विराम लगाते हुए नरोत्तम मिश्रा ने अपनी स्थिति साफ की। उन्होंने कहा- मैं पहले भी कह चुका हूं और आज फिर दोहरा रहा हूं। दतिया से तो मर कर ही हटेंगे।

बता दें कि नवग्रह शक्तिपीठ स्थापना कार्यक्रम के बाद वे कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त कर रहे थे। इस दौरान वे भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि दतिया से उनका रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि अंतर्मन से जुड़ा हुआ है।

पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दतिया से ही चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दतिया से ही चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

वर्दी में बनाई रील, नव आरक्षकों को नोटिस रीवा में ट्रेनी आरक्षकों को वर्दी पहनकर रील बनाना महंगा पड़ गया। पुलिस विभाग ने इसे विभागीय गरिमा के विपरीत मानते हुए रील बनाने वाले सभी प्रशिक्षु आरक्षकों को नोटिस जारी किया है।

वैसे तो सोशल मीडिया पर कई अधिकारी भी रील बनाते नजर आते हैं, लेकिन इस मामले में रील के संवाद पुलिस विभाग को रास नहीं आए। रील में बोले गए संवाद इस प्रकार थे-

‘शकल अच्छी नहीं है तो क्या हुआ… सरकारी नौकरी तो है ना।’ ‘हमारे पास पैसा नहीं है तो क्या हुआ… मंथली तो आती है ना।’ ‘हमारे पास कपड़े नहीं हैं तो क्या हुआ… वर्दी तो है ना।’

रील के वायरल होने के बाद पुलिस महकमे ने इसे अनुशासन और मर्यादा के खिलाफ माना। दरअसल, रील बनाने का नशा ऐसा है कि व्यूज, लाइक और कमेंट के चक्कर में अच्छे-अच्छे भी बहक जाते हैं।

रीवा में वर्दी में रील बनाने पर रंगरूटों पर नोटिस थमाया गया है।

रीवा में वर्दी में रील बनाने पर रंगरूटों पर नोटिस थमाया गया है।

इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), सोहेल कुरैशी (आलीराजपुर), राधावल्लभ मिश्रा (दतिया), अभिलाष मिश्रा (रीवा)

ये भी पढ़ें – लेडी सिंगर से बोले भाजपा नेता- यहां तो फिगर देखते हैं: स्वागत के बाद सीधे नाली में गिर पड़े नेता जी

माइक हाथ में आ जाए और सामने पब्लिक हो तो नेता कभी-कभी बहक जाते हैं। फिर कुछ ऐसा कह देते हैं, जिस पर बवाल हो जाता है। मुरैना के अंबाह में भाजपा जिला उपाध्यक्ष जिनेश जैन ने भी मर्यादाएं लांघ दीं। उन्होंने फीमेल सिंगर सोनल प्रधान पर भद्दे कमेंट किए। पूरी खबर पढ़ें



Source link