Last Updated:
sehwag blunt remark on pakistan semi final scenario: वीरेंद्र सहवाग ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के सेमीफाइनल की राह को सिरे से खारिज कर दिया है. चर्चा के दौरान सहवाग ने अपने बेबाक अंदाज में कहा, ‘नहीं होने वाला, आगे पढ़.’ उनका मानना है कि श्रीलंका के खिलाफ 65 रनों से जीत या 13.2 ओवर में लक्ष्य का पीछा करना सलमान अली आगा की टीम के बस की बात नहीं है. सहवाग ने तंज कसते हुए कहा कि दुआएं हर बार काम नहीं आतीं और जो टीम 160 रन भी नहीं बना पा रही, वह इतनी आक्रामक क्रिकेट कैसे खेलेगी.
वीरेंद्र सहवाग ने पाकिस्तान-श्रीलंका मुकाबले पर की भविष्यवाणी.
नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप 2026 अपने चरम पर है. लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए सेमीफाइनल की राह अब ‘मुमकिन’ से ज्यादा चमत्कार नजर आ रही है. भारतीय टीम के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने अपने चिर-परिचित बेबाक अंदाज में पाकिस्तान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है. सहवाग ने साफ शब्दों में कह दिया है कि सलमान अली आगा की कप्तानी वाली इस टीम में वह दमखम नहीं है कि वे सेमीफाइनल के समीकरणों को पार कर सकें. पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें शनिवार शाम पल्लेकल में टकराएंगी. इस मैच में पाकिस्तान को सिर्फ जीत नहीं चाहिए बल्कि उसे बड़ी जीत की दरकार है तभी वह सेमीफाइनल में पहुंचेगा.
क्रिकबज पर एक चर्चा के दौरान जब एंकर ने पाकिस्तान के सेमीफाइनल में पहुंचने के गणितीय समीकरणों को समझाना शुरू किया, तो वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) ने बीच में ही टोकते हुए बड़े ही मजाकिया लेकिन चुटीले अंदाज में कहा- ‘नहीं होने वाला, आगे पढ़.’ सहवाग का मानना है कि पाकिस्तान की टीम जिस तरह की क्रिकेट खेल रही है, उससे इतने कठिन समीकरण को साध पाना असंभव है।.उन्होंने कहा कि इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को हराकर पाकिस्तान को एक मौका तो दे दिया है, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ मैदान पर दुआएं काम नहीं आएंगी, वहां प्रदर्शन की जरूरत होगी.
वीरेंद्र सहवाग ने पाकिस्तान-श्रीलंका मुकाबले पर की भविष्यवाणी.
सेमीफाइनल का मुश्किल समीकरण
पाकिस्तान की टीम फिलहाल सुपर-8 के ग्रुप-2 में फंसी हुई है. इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुका है. अब दूसरे स्थान के लिए पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच नेट रन रेट (NRR) की जंग है. पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए श्रीलंका के खिलाफ न केवल जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि एक ‘असंभव’ सा दिखने वाला अंतर पैदा करना होगा. अगर पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करे और वह 160 रन बनाते हैं, तो उन्हें श्रीलंका को कम से कम 65 रनों के अंतर से हराना होगा. यदि पाकिस्तान लक्ष्य का पीछा करे तो 160 रनों के लक्ष्य को उन्हें महज 13.2 ओवरों में हासिल करना होगा. सहवाग ने इसी चीज पर निशाना साधते हुए कहा, ‘जो टीम नियमित रूप से 160 रन भी नहीं बना पा रही है, वह इतने कम ओवरों में इस लक्ष्य को कैसे चेज करेगी? उनकी बल्लेबाजी में वह आक्रामकता ही नहीं है.’
‘दुआएं हर बार काम नहीं आतीं’
सहवाग ने तंज कसते हुए कहा कि पाकिस्तान की टीम अक्सर ‘कुदरत के निजाम’ और दुआओं के भरोसे आगे बढ़ती है. उन्होंने कहा, ‘इंग्लैंड-न्यूजीलैंड मैच के लिए शायद उनकी दुआएं कुबूल हो गई होंगी, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ मैच में सिर्फ दुआओं से काम नहीं चलेगा. वे काफी समय से दुआएं कर रहे हैं, लेकिन मैदान पर कुछ होता नहीं दिख रहा.’ सहवाग के अनुसार, पाकिस्तान तभी क्वालीफाई कर सकता है जब श्रीलंका बेहद घटिया क्रिकेट खेले और 90 रनों पर ऑलआउट हो जाए, जिसकी संभावना न के बराबर है.
सलमान अली आगा की कप्तानी पर सवाल
इस पूरे टूर्नामेंट में कप्तान सलमान अली आगा का नेतृत्व और बल्लेबाजी दोनों ही फीके रहे हैं. सहवाग की इस टिप्पणी ने पाकिस्तान के उन जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है जो खराब प्रदर्शन के कारण पहले से ही गहरे हैं. टीम की धीमी बल्लेबाजी और पावरप्ले में रन न बना पाने की कमजोरी अब उनके वर्ल्ड कप सफर के अंत का कारण बनती दिख रही है.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें