Last Updated:
रणजी ट्रॉफी में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली जम्मू-कश्मीर की टीम के लिए मुख्यमंत्री उमर अबदुल्ला ने 2 करोड़ रुपए की नकद पुरस्कार की घोषणा की है. इसके अलावा उन्होंने कहा है कि टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी दी जाएगी. जम्मू-कश्मीर पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया है.
जम्मू-कश्मीर बनी रणजी चैंपियन
नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के खेल इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज होने वाले क्षण में टीम ने पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया. इस ऐतिहासिक जीत के बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए 2 करोड़ के नकद इनाम की घोषणा की. मुख्यमंत्री ने इसे जम्मू-कश्मीर क्रिकेट के लिए एक निर्णायक अध्याय बताते हुए कहा कि इस जीत ने पूरे प्रदेश में जश्न का माहौल बना दिया है और युवा खिलाड़ियों को नई प्रेरणा दी है.
मुख्यमंत्री अबदुल्ला को फाइनल मैच के अंतिम दिन हुबली पहुंचे थे, जहां उन्होंने जम्मू-कश्मीर टीम का उत्साहवर्धन किया. टीम ने पहली पारी में बड़ी बढ़त हासिल कर पहली बार ट्रॉफी को अपने नाम करना लगभग तय कर लिया था. मुख्यमंत्री ने ये भी घोषणा की है कि खिताब जीतने वाली टीम के सदस्यों को उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए हाल ही में अधिसूचित नीति के तहत सरकारी नियुक्ति के लिए पात्र माना जाएगा.
पूरे मैच में जम्मू-कश्मीर का रहा दबदबा
आठ बार की चैंपियन कर्नाटक के खिलाफ उनके घरेलू मैदान पर खेले गए फाइनल में जम्मू-कश्मीर ने 291 रनों की मजबूत पहली पारी की बढ़त लेकर मैच पर शिकंजा कस दिया था. दूसरी पारी में टीम 342/4 का स्कोर खड़ा कर टीम ने कुल बढ़त 633 रन तक पहुंचा दी और पांचवें व अंतिम दिन खिताब अपने नाम कर लिया. टीम के लिए ओपनर कामरान इकबाल ने नाबाद 160 रन की शानदार पारी खेली, जो उनके प्रथम श्रेणी करियर का दूसरा शतक है.
इसके अलावा वहीं साहिल लोत्रा ने भी नाबाद 101 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. गेंदबाजी में आकिब नबी ने एक बार फिर निर्णायक भूमिका निभाई. तेज गेंदबाज ने इस सत्र में सातवीं बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया और पूरे अभियान में अपनी निरंतरता साबित की. गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर ने 67 वर्ष पहले भारत की इस प्रतिष्ठित घरेलू प्रतियोगिता में पदार्पण किया था. कई बार क्वार्टरफाइनल तक पहुंचने के बावजूद खिताब अब तक दूर रहा था, जिसे इस ऐतिहासिक जीत के साथ आखिरकार हासिल कर लिया गया.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें