51 गायों को छप्पन भोग लगाकर विवाह: रायसेन में गो-सेवक ने बिना दहेज संस्कार पूरा किया; घायल मवेशियों की करते हैं मदद – Raisen News

51 गायों को छप्पन भोग लगाकर विवाह:  रायसेन में गो-सेवक ने बिना दहेज संस्कार पूरा किया; घायल मवेशियों की करते हैं मदद – Raisen News




रायसेन जिले के बेगमगंज निवासी आयुष यादव ने अपनी शादी को समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश बनाया है। उन्होंने न केवल बिना दहेज के विवाह किया, बल्कि शादी समारोह से एक दिन पहले गायों के लिए एक विशेष भंडारे का आयोजन भी किया। विवाह स्थल पर बारातियों और मेहमानों के साथ-साथ गायों के लिए भी व्यापक व्यवस्था की गई थी। गायों को खिलाने के लिए ढाई क्विंटल मक्का और गेहूं पिसवाया गया, साथ ही हरा चारा भी मंगवाया गया। छप्पन प्रकार के व्यंजनों से गायों को भोग लगाया गया। दूल्हे आयुष यादव ने गौ माता की पूजा-अर्चना की और उन्हें गोग्रास खिलाया, जिसके बाद विवाह की रस्में शुरू हुईं। आयुष यादव के पिता अनिल यादव, जो यादव महासभा रायसेन के जिलाध्यक्ष भी हैं, समाज में दहेज रहित विवाह और गौ सेवा को सर्वोपरि मानने का संदेश देना चाहते हैं। वे बताते हैं कि उनका परिवार भगवान कृष्ण और राधारानी का भक्त रहा है। आयुष पिछले सात वर्षों से गौ सेवा के प्रति समर्पित हैं। उन्होंने पूरे नगर में अपना मोबाइल नंबर वितरित कर रखा है, ताकि आवारा या घायल मवेशी दिखने पर लोग तुरंत सूचना दे सकें। सूचना मिलते ही आयुष अपने सभी काम छोड़कर बाइक से कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच जाते हैं। मौके पर पहुंचकर वे घायल मवेशी का प्राथमिक उपचार करते हैं और यदि आवश्यक हो, तो उसे लोडिंग ऑटो से अपने घर ले आते हैं। घर पर वे पशु के पूर्ण स्वस्थ होने तक उसके आहार और उपचार की व्यवस्था करते हैं। स्वस्थ होने के बाद मवेशी को उसी स्थान पर छोड़ दिया जाता है, जहां से उसे लाया गया था। आयुष यह सेवा पूरी तरह से अपने निजी खर्च पर और निःशुल्क करते हैं, जिससे उन्हें नगर में एक विशिष्ट पहचान मिली है।



Source link