गीले हाथ चार्जर लगाते समय करंट लगा, युवक की मौत: हरदा में आठ माह की गर्भवती पत्नी, दो साल की बेटी और मां बचे – Harda News

गीले हाथ चार्जर लगाते समय करंट लगा, युवक की मौत:  हरदा में आठ माह की गर्भवती पत्नी, दो साल की बेटी और मां बचे – Harda News




हरदा जिले के रहटगांव थाना क्षेत्र के मालेगांव गांव में करंट लगने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना शनिवार रात की है। रविवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी प्रमिला आफते (गोंड) ने बताया कि शनिवार रात करीब 9 बजे वह खाना बना रही थीं, जबकि उनके पति पवन आफते (30) खाना खा रहे थे। खाना खाने के बाद पवन ने थाली में हाथ धोए और गीले हाथों से मोबाइल चार्जर को बिजली के बोर्ड में लगाने का प्रयास किया। इसी दौरान उन्हें बाएं हाथ की उंगलियों में करंट लगा और वे पीछे की ओर गिर गए। प्रमिला और उनकी सास तुरंत वहां पहुंचीं तो पवन बेसुध पड़े थे। वे उन्हें निजी वाहन से रहटगांव अस्पताल ले गए। रात करीब 12 बजे डॉक्टरों के न होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात लगभग 2 बजे जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पवन को मृत घोषित कर दिया। मृतक पवन की पत्नी प्रमिला की एक दो साल की बेटी है और वह स्वयं आठ महीने की गर्भवती हैं। प्रमिला ने बताया कि पवन ने एक अन्य महिला को भी रखा था, जिसकी आठ महीने की बेटी है। वह महिला पवन को छोड़कर चली गई है, जिसके बाद प्रमिला ही उस बच्ची का भी पालन-पोषण कर रही हैं। मृतक के पिता गणेश आफते ने बताया कि पवन उनका सबसे बड़ा बेटा था। पवन तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे और खेती का काम करते थे।



Source link