Holi Eye Safety Tips: होली का त्यौहार रंगों और खुशियों से भरा होता है, लेकिन इस दौरान सुरक्षा का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है. खासकर जब बात आंखों की हो, तो थोड़ी सी लापरवाही से गंभीर समस्याएं हो सकती हैं. अक्सर होली खेलते समय रंग या गुलाल आंखों में चला जाता है, जो जलन, खुजली या यहां तक कि संक्रमण का कारण बन सकता है. इसलिए यह जानना जरूरी है कि ऐसी स्थिति में क्या करना चाहिए और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए. रीवा सुपर स्पेशलिस्टी हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉक्टर अक्षय श्रीवास्तव कहते हैं कि होली का त्यौहार आनंद और उत्साह का प्रतीक है, लेकिन सुरक्षा को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है. खासकर आंखों के मामले में सतर्क रहना जरूरी है. अगर कोई दुर्घटना हो जाए, तो कुछ उपाय अपनाएं जा सकते हैं, लेकिन परिस्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से तुरंत सलाह लेना चाहिए. होली को सुरक्षित और खुशहाल तरीके से मनाएं और यह ध्यान रखें कि यह केवल रंगों का त्यौहार ही रहे, न कि किसी अनचाही समस्या का कारण बन सकती है.
आंखों को तुरंत साफ करें
अगर रंग आंखों में चला जाए, तो सबसे पहले आंखों को साफ पानी से धीरे-धीरे धोएं. ठंडे पानी का उपयोग करें और आंखों को रगड़ने से बचें, क्योंकि यह जलन को और बढ़ा सकता है.
आंखों को रगड़ने से बचें
आंखों को रगड़ने से रंग और गहराई में चला जाता है, जिससे आंखों को और नुकसान हो सकता है. आंखों को धोते समय हल्के हाथ से स्पर्श करें और आराम दें.
आई ड्रॉप का उपयोग करें
डॉक्टर द्वारा सुझाए गए आई ड्रॉप का उपयोग कर सकते हैं, जो आंखों की जलन और सूजन को कम करने में मदद करता है. इसके अलावा किसी भी मेडिकल प्रोडक्ट्स का उपयोग न करें.
डॉक्टर से सलाह लें
अगर रंग धोने के बाद भी जलन, दर्द या धुंधला दिखना बंद नहीं हो रहा है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें. यह आंखों में संक्रमण का संकेत हो सकता है.
गुलाब जल का उपयोग
गुलाब जल का उपयोग आंखों को ठंडक देने के लिए किया जा सकता है, लेकिन इसे उपयोग करने से पहले ध्यान रखें कि वह शुद्ध हो.
प्राकृतिक रंगों का उपयोग करें
केमिकल वाले रंग आंखों को नुकसान पहुंचा सकते हैं. हर्बल कलर का उपयोग करें, जो त्वचा और आंखों दोनों के लिए सुरक्षित होते हैं.
चश्मे का उपयोग करें
होली खेलते समय सुरक्षात्मक चश्मा पहनें, ताकि रंग सीधे आंखों में न जाए.
तेल का उपयोग करें
आंखों के आसपास नारियल या बादाम का तेल लगाएं. इससे रंग त्वचा और आंखों पर कम प्रभाव डालेगा.
बच्चों का ध्यान रखें
बच्चों की आंखें ज्यादा सेंसिटिव होती हैं. उनके लिए सुरक्षात्मक उपाय अपनाना और उनके पास केमिकल रंगों का उपयोग न करना जरूरी है.