बड़वानी की सौंफ मंडी में एक दुकान से पर्स चोरी होने का मामला सामने आया है। राजघाट बसाहट निवासी लखन वर्मा ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। चोरी हुए पर्स में सोने के टॉप्स और करीब 15 से 16 हजार रुपये नकद रखे थे। लखन वर्मा के अनुसार, उनकी आलू, प्याज और लहसुन की दुकान सौंफ मंडी में है। उनकी माता ने दुकान पर रखे पलंग में पर्स रखा था। इसी दौरान एक महिला और एक छोटा बच्चा पर्स लेकर चले गए। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में महिला बच्चे को इशारा करती है और उसे एक झोला देती है, जिसमें बच्चा पर्स रखकर चला जाता है। बाद में महिला भी उसके पीछे निकल जाती है। चोरी हुए पर्स में रखे सोने के टॉप्स की वर्तमान बाजार कीमत लगभग 40 से 50 हजार रुपये बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला की पहचान की गई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उक्त महिला को पाला बाजार में पकड़ लिया गया था और उससे नकद राशि वापस ले ली गई। इस दौरान मारपीट की बात भी सामने आई है। मामले की रिपोर्ट बड़वानी थाने में दर्ज कराई गई है। बताया जा रहा है कि महिला को नानपुर में चल रहे भगोरिया उत्सव में भी देखा गया था। लखन वर्मा ने प्रशासन से मंडी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि मंडी में उनका काफी माल पड़ा रहता है और इन दिनों लहसुन का भाव 100 से 120 रुपये प्रति किलो चल रहा है। ऐसी घटनाओं से व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link