दतिया में इस वर्ष सर्दी की विदाई समय से पहले होती नजर आ रही है। जिले में न्यूनतम तापमान लगातार 15 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है, जो सामान्य से करीब 3 से 4 डिग्री तक अधिक दर्ज किया जा रहा है। रविवार को न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक था। वहीं शनिवार शाम अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 2.4 डिग्री ज्यादा है। तापमान में इस बढ़ोतरी के कारण दिन के साथ-साथ रात में भी हल्की गर्मी महसूस होने लगी है और लोगों ने घरों में पंखे चलाना शुरू कर दिया है। मौसम में आए इस बदलाव का असर जनजीवन के साथ खेती पर भी दिखाई दे रहा है। मार्च के खाखिर से तेज गर्मी के आसार
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, यह मौसम गेहूं की पकती फसल के लिए फायदेमंद माना जा रहा है, क्योंकि हल्की गर्मी और शुष्क वातावरण दानों के भराव और पकने की प्रक्रिया को तेज करता है। हालांकि, अत्यधिक तापमान बढ़ने की स्थिति में उत्पादन पर विपरीत असर पड़ने की आशंका भी बनी रहती है। मौसम विभाग के अनुसार मार्च के पहले सप्ताह में मौसम में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। शुरुआती दो दिनों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है, लेकिन इसके बाद फिर से तापमान बढ़ने का क्रम शुरू होगा। विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि मार्च के आखिरी सप्ताह तक गर्मी अपने तेवर दिखाना शुरू कर देगी और दिन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है।
Source link