दमोह के हिरदेपुर गांव में पानी की किल्लत से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। रविवार शाम करीब 6 बजे ग्रामीणों ने दमोह-सागर स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों की मांग है कि गांव के छूटे हुए हिस्से में भी जल्द से जल्द पाइपलाइन बिछाई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि हिरदेपुर शहर से बिल्कुल सटा हुआ है, फिर भी यहां भेदभाव हो रहा है। जल जीवन मिशन के तहत गांव के सिर्फ आधे हिस्से में ही पाइपलाइन डाली गई है, जबकि बाकी आधा हिस्सा बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहा है। मजबूरन लोगों को सागर नाका चौकी के सामने लगे हैंडपंप से पानी भरकर अपना गुजारा करना पड़ता है। आश्वासन के बाद खुला जाम जाम की खबर मिलते ही सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम सिंह दांगी और तहसीलदार रोबिन जैन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वे पहले भी कई बार आवेदन दे चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। तहसीलदार ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वे संबंधित विभाग से बात कर जल्द ही पाइपलाइन का काम शुरू करवाएंगे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब आधे घंटे बाद जाम खोला गया और यातायात बहाल हो सका।
Source link