दमोह-जबलपुर मार्ग पर दो बाइक आपस में भिड़ीं: दो लोगों की मौत, मां-बेटी जबलपुर रेफर; दो घायल जिला अस्पताल में भर्ती – Damoh News

दमोह-जबलपुर मार्ग पर दो बाइक आपस में भिड़ीं:  दो लोगों की मौत, मां-बेटी जबलपुर रेफर; दो घायल जिला अस्पताल में भर्ती – Damoh News




दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 8 बजे दमोह-जबलपुर मार्ग पर बीसनाखेड़ी गांव के पास दो बाइकों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में कुल 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से दो की मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों की पहचान हेमराज लोधी और भारत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को मर्चुरी में रखवा दिया है, जिनका सोमवार सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा। मां-बेटी को जबलपुर रेफर किया गया घायलों में नीमा लोधी और उनकी बेटी अंजलि लोधी की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। वहीं, अन्य दो घायल तेजी लोधी और संतोष लोधी का इलाज फिलहाल जिला अस्पताल में चल रहा है। कैसे हुआ हादसा? मृतक हेमराज लोधी के साले सुमेर सिंह ने बताया कि वे सभी सेमरा गांव में एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। हेमराज अपनी पत्नी और बेटी के साथ बाइक पर थे, जबकि सुमेर एक मिनी ट्रक में पीछे आ रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। दूसरी बाइक पर सवार तेजी लोधी ने बताया कि वे दमोह से अपने घर जा रहे थे, तभी बीसनाखेड़ी के पास यह टक्कर हो गई। पुलिस ने शुरू की जांच हादसे की खबर मिलते ही नोहटा थाना पुलिस मौके पर और फिर जिला अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मामले की कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है और टक्कर के कारणों की जांच की जा रही है।



Source link