ग्वालियर में एक बिल्डर ने यू-ट्यूबर पर कॉलोनी को बदनाम कर पैसे मांगने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। बिल्डर का कहना है कि उनकी शीतला ग्रीन सिटी कॉलोनी शासन के सभी नियमों के अनुरूप है, इसके बावजूद एक व्यक्ति लगातार दुष्प्रचार कर रहा है। पहले पैसों की मांग की गई और जब रकम नहीं दी गई तो सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो अपलोड कर बिल्डर को “नटवर लाल” कहा गया, जिससे उनकी छवि को ठेस पहुंची है। जितेंद्र सिंह गुर्जर उर्फ जीतू बिल्डर हैं। उन्होंने विक्की फैक्ट्री, बाराघाटा क्षेत्र में शीतला ग्रीन सिटी नाम से कॉलोनी विकसित की है। यह फार्म-4 कॉलोनी है, जिसे टीएनसीपी और नगर निगम से स्वीकृति प्राप्त है। जितेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले दो-तीन महीनों से अर्पित नाम का एक यू-ट्यूबर उन्हें परेशान कर रहा था। वह कॉलोनी को अवैध बताकर पहले पांच लाख रुपए की मांग कर रहा था। सभी दस्तावेज दिखाने के बाद उसने एक लाख रुपए मांगे। रकम देने से इनकार करने पर कॉलोनी को बदनाम करने की धमकी दी गई। बिल्डर का आरोप है कि जब वे ब्लैकमेल नहीं हुए तो यू-ट्यूबर ने कॉलोनी का वीडियो बनाकर यूट्यूब और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया और उन्हें “नटवर लाल” कहा। वीडियो सामने आने के बाद जितेंद्र सिंह ने तुरंत झांसी रोड थाना में शिकायत दर्ज कराई। किसी साजिश के तहत बदनाम करने की कोशिश बिल्डर ने आशंका जताई है कि यू-ट्यूबर के जरिए कोई उन्हें जानबूझकर बदनाम करवा रहा है, जिससे उनकी प्रॉपर्टी और व्यवसाय को नुकसान पहुंचे। उन्होंने कहा कि उनकी कॉलोनी पूरी तरह वैध है और जांच से सच्चाई सामने आ जाएगी। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी झांसी रोड थाना पुलिस का कहना है कि शीतला ग्रीन सिटी को अवैध बताकर सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने की शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link