मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 5 मार्च को अपना जन्मदिन विदिशा के रंगई स्थित बाड़ वाले गणेश मंदिर में मनाएंगे। इस मौके पर मंदिर परिसर में अखंड रामायण पाठ और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस बार उनका जन्मदिन होली के त्योहार के साथ पड़ रहा है। इसलिए आयोजन समिति ने होली मिलन समारोह भी रखा है। यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। इसमें कार्यकर्ता, समर्थक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आम लोग शामिल होंगे। समर्थकों से कहा- पौधा भेंट करें
जन्मदिन से पहले शिवराज सिंह चौहान ने अपने एक्स अकाउंट के जरिए समर्थकों से खास अपील की है। उन्होंने कहा है कि उनके जन्मदिन पर शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह या अन्य उपहार न लाए जाएं। अगर कोई उन्हें शुभकामनाएं देना चाहता है तो एक पौधा लगाए, उसकी फोटो साझा करे या उन्हें पौधा भेंट करे। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि जीवन का हर पल उद्देश्यपूर्ण होना चाहिए। पर्यावरण संरक्षण उनका संकल्प है और वे खुद रोज पौधरोपण करते हैं। उन्होंने जन्मदिन को सादगी से मनाने और दिखावे से बचने की बात कही है। जन्मदिन को लेकर समर्थकों में उत्साह है। वहीं, पौधा लगाने की अपील से यह कार्यक्रम सिर्फ उत्सव नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगा।
Source link