सिवनी जिले के आदिवासी बहुल घंसौर जनपद पंचायत में मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत 11 मार्च को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलन के लिए निर्धारित 100 जोड़ों का लक्ष्य समय-सीमा से पहले ही पूरा हो गया है। लक्ष्य पूर्ण होने के बाद आवेदन करने पहुंचे ग्रामीणों को निराशा हुई, जिसके बाद जनपद परिसर में असंतोष व्यक्त किया गया। सोमवार को दोपहर में आसपास के दो दर्जन से अधिक ग्रामीण योजना में आवेदन करने जनपद पंचायत पहुंचे थे। इस दौरान कर्मचारियों ने उन्हें स्पष्ट किया कि शासन द्वारा निर्धारित 100 जोड़ों का लक्ष्य पूरा हो चुका है और आवेदन की तिथि भी समाप्त हो गई है। यह सुनकर ग्रामीणों ने असंतोष जताया और लक्ष्य बढ़ाने की मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य गोवर्धन संग्राम ने भी हितग्राहियों का समर्थन किया। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री से योजना की आवेदन तिथि बढ़ाने और घंसौर जनपद का लक्ष्य बढ़ाए जाने की मांग की। उनका कहना था कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में पात्र हितग्राही हैं, जिन्हें योजना का लाभ मिलना चाहिए। वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया घंसौर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ओमकार सिंह ठाकुर ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 100 जोड़ों का लक्ष्य तय किया गया था, जो पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा कि हितग्राहियों की मांग से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग, भोपाल द्वारा जारी संशोधित दिशा-निर्देश (संशोधित योजना-2022) के अनुसार, सामूहिक विवाह सम्मेलन में न्यूनतम 11 तथा अधिकतम 200 जोड़ों को शामिल किया जा सकता है। योजना के तहत पात्र वधू को 49 हजार रुपए की सहायता राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से उसके खाते में प्रदान की जाती है, जबकि 6 हजार रुपए आयोजन व्यवस्था के लिए जिला स्तर पर व्यय किए जाते हैं। साथ ही लाभार्थियों का बीपीएल पोर्टल पर सत्यापन एवं आधार ई-केवाईसी अनिवार्य किया गया है।
Source link