गोहद नगर पालिका में प्रभारी सीएमओ से पार्षद पुत्र मारपीट: भिंड- गोहद नपा अधिकारी को चोट; बैठक में अतिक्रमण की बात पर विवाद – Bhind News

गोहद नगर पालिका में प्रभारी सीएमओ से पार्षद पुत्र मारपीट:  भिंड- गोहद नपा अधिकारी को चोट; बैठक में अतिक्रमण की बात पर विवाद – Bhind News




भिंड के गोहद नगर पालिका परिषद के मीटिंग हॉल में सोमवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब अतिक्रमण के मुद्दे पर हुई बहस कथित मारपीट तक पहुंच गई। घटना में प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) महेश चंद्र जाटव और वार्ड 16 की पार्षद के पुत्र के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद मामला पुलिस थाने पहुंच गया। प्रभारी सीएमओ की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है वे कार्यालय में कर्मचारियों के साथ शासकीय कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। इसी दौरान पार्षद पुत्र कार्यालय पहुंचे और वार्ड क्षेत्र में एक निर्माण कार्य को न रुकवाने को लेकर तीखी बहस करने लगे। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर धक्का-मुक्की हुई, जिससे सीएमओ को चोट आई। बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ, लेकिन बाद में थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
दूसरी ओर पार्षद पक्ष का कहना है कि वार्ड में अवैध अतिक्रमण और अनियमितता के विरोध में सवाल उठाए गए थे। उनका आरोप है कि प्रशासन की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर स्थिति बिगड़ी। पार्षद पुत्र ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। घटना के दौरान मीटिंग हॉल में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसे पुलिस ने जांच में शामिल किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है और दोनों पक्षों के बयानों के साथ उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है और नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई।



Source link