कटनी में होली और रमजान के त्योहारों को शांति से संपन्न कराने के लिए पुलिस अलर्ट हो गई है। सोमवार शाम को पुलिस ने शहर के मुख्य रास्तों और तंग गलियों में पैदल मार्च किया। यह मार्च कोतवाली थाने से शुरू होकर मिशन चौक, सुभाष चौक और भट्टा मोहल्ला जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों तक पहुंचा। इस दौरान एसपी के साथ एडिशनल एसपी और सीएसपी भी शामिल रहे। पुलिस ने न सिर्फ बड़े चौराहों बल्कि गलियों के अंदर भी जाकर लोगों से बातचीत की, ताकि आम जनता सुरक्षित महसूस करे और शरारती तत्वों में डर बना रहे। होटल और ढाबों की होगी चेकिंग एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को आदेश दिया है कि वे अपने-अपने इलाकों के होटलों, लॉजों और ढाबों की बारीकी से तलाशी लें। त्योहार के दौरान अवैध शराब बेचने या ले जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया है। कोतवाली में हुई मीटिंग के दौरान अफसरों को निर्देश दिए गए कि ड्राय डे के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। हुड़दंगियों पर रहेगी नजर पुलिस अधीक्षक ने साफ चेतावनी दी है कि त्योहार के नाम पर हुड़दंग करने वालों या सोशल मीडिया पर गलत खबरें फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं और किसी भी परेशानी की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें।
Source link