होलिका दहन पर बच्चों से मारपीट: श्योपुर में शिकायत करने पहुंचे परिजन पर पथराव – Sheopur News

होलिका दहन पर बच्चों से मारपीट:  श्योपुर में शिकायत करने पहुंचे परिजन पर पथराव – Sheopur News




श्योपुर के देहात थाना क्षेत्र के सोईं कला गांव में सोमवार रात होलिका दहन के दौरान बच्चों के साथ मारपीट और उसके बाद दो पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने इस संबंध में देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई है। सोईं कला निवासी पीयूष (12) पिता मनोज और प्रिंस (12) पिता सत्यप्रकाश गांव में सीप नदी किनारे आयोजित होलिका दहन कार्यक्रम देखने गए थे। इसी दौरान गांव के ही दीपेश नामक युवक ने कथित तौर पर बच्चों के साथ मारपीट की। आसपास मौजूद कुछ ग्रामीणों ने पीयूष के पिता को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर पीयूष घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन मारपीट करने वाले युवक के घर पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष की ओर से पत्थर फेंके गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी नहीं मिली है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष देहात थाना पहुंचा। मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।



Source link