गुना जिला अस्पताल परिसर में मंगलवार को पुलिस चौकी के सामने दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। आरोन थाना क्षेत्र के ग्राम खिरिया में सोमवार रात हुए विवाद के बाद जिला अस्पताल पहुंचे दोनों पक्ष मंगलवार को फिर से भिड़ गए। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के कारण अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। जानकारी के मुताबिक, खिरिया निवासी बंजारा परिवार के लोग सोमवार रात के विवाद के बाद अस्पताल में भर्ती थे। मंगलवार को वे पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय में शिकायत दर्ज कराने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें दूसरे पक्ष (यादव समाज) के लोग अस्पताल में इलाज के लिए आते दिखे। उन्हें देखते ही बंजारा परिवार के लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखे लाठी-डंडे निकाल लिए और मारपीट शुरू कर दी।
3 बीघा जमीन को लेकर सोमवार रात हुआ था विवाद
बंजारा परिवार के अनिल नायक ने बताया कि ग्राम खिरिया में उनकी 3 बीघा पट्टे की जमीन है, जिस पर दूसरा पक्ष कब्जा करना चाहता है। आरोप है कि सोमवार रात करीब 8 बजे दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडों से बंजारा बस्ती पर हमला कर दिया था, जिसमें एक दर्जन लोग घायल हुए। अनिल का कहना है कि आरोन थाना पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की, इसलिए वे SP ऑफिस जा रहे थे।
कोर्ट में चल रहा मामला, पुलिस कर रही जांच
दूसरी ओर, यादव पक्ष का कहना है कि उक्त जमीन उनकी है और यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। मंगलवार को जब वे अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे, तो उन पर हमला कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया। फिलहाल जिला अस्पताल में 7 घायल भर्ती हैं, जबकि 4 अन्य का उपचार आरोन अस्पताल में चल रहा है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि अस्पताल परिसर में हथियारों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली कैसे पहुंची।
Source link