छतरपुर जिले के गुलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बंधावन गांव में चारा काटने वाली मशीन की चपेट में आने से 9 वर्षीय बालक अभिषेक यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। खेलते समय मशीन का लॉक खुलने से बच्चे के दाहिने हाथ का अंगूठा और तर्जनी उंगली कट गई है। गंभीर हालत में उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है और डॉक्टरों ने ऑपरेशन की आवश्यकता बताई है। परिजनों के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब अभिषेक घर के पास रखी चारा काटने वाली मशीन के पास खेल रहा था। इसी दौरान अचानक मशीन का लॉक खुल गया और उसका हैंडल व चकिया घूमने लगा। इसी बीच अभिषेक का हाथ मशीन में फंस गया, जिससे उसका अंगूठा और तर्जनी उंगली कट गई। चीख सुनकर दौड़े परिजन, लहूलुहान था हाथ अभिषेक के पिता चुन्नीलाल यादव और बहन रश्मि यादव के अनुसार, हादसे के समय परिवार के अन्य सदस्य घरेलू काम में व्यस्त थे। तभी बच्चे के जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज आई। सुनकर वे तुरंत मौके पर पहुंचे, तो देखा कि अभिषेक का हाथ बुरी तरह जख्मी था और तेजी से खून बह रहा था। परिजन बिना देरी किए उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने कहा- उंगलियां क्षतिग्रस्त, ऑपरेशन जरूरी जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद अभिषेक की स्थिति गंभीर बताई है। चिकित्सकों के अनुसार, हाथ की दो उंगलियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं और अब उसे ऑपरेशन की आवश्यकता है। डॉक्टरों ने यह भी बताया कि परिजन बच्चे को समय पर अस्पताल ले आए, जिससे अधिक खून बहने से बचाव हो सका। खुले में रखे कृषि उपकरणों से हादसों का खतरा इस घटना के बाद ग्रामीणों ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि ग्रामीण इलाकों में खेत-खलिहान और पशुपालन से जुड़े उपकरण अक्सर घरों में खुले में रखे रहते हैं, जिससे बच्चों के साथ ऐसे हादसों का खतरा हमेशा बना रहता है। फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग बच्चे के इलाज को प्राथमिकता दे रहे हैं।
Source link