राजगढ़ में दो बाइकों की सीधी भिड़ंत: भोजपुर रोड पर हादसे में एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर – rajgarh (MP) News

राजगढ़ में दो बाइकों की सीधी भिड़ंत:  भोजपुर रोड पर हादसे में एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर – rajgarh (MP) News




राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर भोजपुर रोड पर दौलाज-लिंबोदा के बीच हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, भोजपुर थाना क्षेत्र के पीपलोदी गांव निवासी 30 वर्षीय कुबेर सिंह सोंधिया मंगलवार दोपहर रंग डालने के लिए अपने रिश्तेदारों के यहां बोरका पानी गांव जाने निकले थे। वहीं ढाबली कला निवासी 50 वर्षीय मांगीलाल सोंधिया खिलचीपुर से सब्जी खरीदकर अपने गांव लौट रहे थे। दोलाज-लिंबोदा के बीच अचानक दोनों बाइकों की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर लहूलुहान हालत में गिर पड़े। मांगीलाल ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ा
घटना के बाद राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही भोजपुर पुलिस और खिलचीपुर की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए घायलों को अपने हाथों से उठाकर वाहन में बैठाया और तत्काल खिलचीपुर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन दोनों की हालत गंभीर देखते हुए रेफर करने का निर्णय लिया गया। बताया जाता है कि जब मांगीलाल को स्ट्रेचर पर एंबुलेंस तक ले जाया जा रहा था, उसी दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। यह दृश्य देख मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। शाम को उनका पोस्टमार्टम खिलचीपुर अस्पताल में किया गया। दूसरे की हालत गंभीर, झालावाड़ रेफर
दूसरी ओर गंभीर रूप से घायल कुबेर सिंह को परिजन बेहतर उपचार के लिए राजस्थान के झालावाड़ ले गए। चिकित्सकों के अनुसार उसके एक हाथ में फ्रैक्चर है और सिर में गंभीर चोट लगी है। सिर से अत्यधिक रक्तस्राव होने की बात भी सामने आई है। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



Source link