मुरैना में मंगलवार शाम नगर निगम कार्यालय के परिसर में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विक्की उर्फ शशी शुक्ला पुत्र राधेश्याम शुक्ला, निवासी खुलियाना मोहल्ला, नाला नंबर 2, गणेशपुरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मृतक पिछले दो दिन से घर से लापता था और मंगलवार शाम को नगर निगम परिसर में उसका शव मिला। नगर निगम परिसर में मंगलवार को छुट्टी होने के कारण वहां कोई हलचल नहीं थी। शव की जानकारी परिसर में तैनात चौकीदार ने दी। उन्होंने भ्रमण के दौरान शव पड़ा देखा और तुरंत पुलिस तथा वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। कोतवाली थाना प्रभारी टीआई अमित भदौरिया ने बताया कि शव नगर निगम कार्यालय परिसर में ही मिला। प्रारंभिक जांच में शव पर किसी भी तरह के चोट या घाव के निशान नहीं पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि मृतक शराब पीने का आदि था। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएम हाउस में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम बुधवार सुबह किया जाएगा और इसके आधार पर ही मौत का सही कारण पता चलेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शव मिलने की स्थिति, मृतक की हालात और मौत के कारणों की पुष्टि के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Source link