शहर के पॉश इलाके विजयनगर चौराहा के पास स्थित ग्रैंड ओमनी गार्डन में मंगलवार को नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने गार्डन के ऑफिस में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और वहां काम कर रहे कर्मचारी के साथ मारपीट की। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। विजयनगर पुलिस थाना के मुताबिक राधेसिंह की शिकायत पर मंगलवार को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। राधेसिंह ने बताया कि वे गार्डन में डेकोरेशन का काम कर रहे थे, तभी 4-5 युवक चेहरे पर नकाब और रूमाल बांधकर पहुंचे। उनके हाथ में लोहे की टॉमी, डंडे और अन्य सामान था। आरोपियों ने आते ही कहा गार्डन बहुत चलता है बहुत पैसे कमाते हो इसके बाद उन्होंने ऑफिस की खिड़कियों और दरवाजों के कांच फोड़ दिए। एलईडी, मेज, कुर्सियां और एसी में भी तोड़फोड़ की। विरोध करने पर कर्मचारी के साथ मारपीट की गई। जान बचाकर भागा कर्मचारी, मैनेजर ने दी सूचना हमले के दौरान कर्मचारी जान बचाकर वहां से भागा और छिपकर गार्डन मैनेजर नीरज सचदेवा को घटना की जानकारी दी। बाद में थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है। ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। हालाकि गार्डन के मैनेजर नीरज ने इस मामले में बात करने से इंकार कर दिया।
Source link