बड़वानी में गाड़ा खिंचाई: पुलिस का 20 घरों को नोटिस: मकान मालिकों को चेतावनी, छतों पर नहीं जा सकेंगे बाहरी लोग – Barwani News

बड़वानी में गाड़ा खिंचाई: पुलिस का 20 घरों को नोटिस:  मकान मालिकों को चेतावनी, छतों पर नहीं जा सकेंगे बाहरी लोग – Barwani News




बड़वानी में धुलेंडी के अवसर पर फाग उत्सव और गाड़ा खिंचाई का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए थाना कोतवाली पुलिस ने नवलपुरा क्षेत्र में 20 घरों के मालिकों को नोटिस जारी किए हैं। पुलिस ने मकान मालिकों को छतों पर अनाधिकृत प्रवेश न होने देने की चेतावनी दी है। शहर के बाईपास स्थित श्री सांवरिया सेठ सेवा संस्थान द्वारा आज रात 8 बजे से फाग उत्सव मनाया जाएगा। पंडित जितेंद्र डोंगरे ने बताया कि इसमें नर्मदापुरम की भजन गायिका पदमा साहू और नागपुर के भजन गायक अभिषेक शर्मा भजन प्रस्तुत करेंगे। आरएन म्यूजिकल ग्रुप लाइव बैंड की प्रस्तुति देगा। इस अवसर पर गुलाल और फूलों से पारंपरिक ब्रज होली खेली जाएगी। धुलेंडी की शाम को शहर सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर खांडेराव के जयघोष के साथ गाड़ा खिंचाई का आयोजन होगा। शहर के नवलपुरा में यह परंपरा दो दशकों से चली आ रही है। आज शाम गाड़ों को एक साथ बांधकर महिलाओं द्वारा हल्दी-कुमकुम लगाकर पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद बड़वा राकेश यादव के नेतृत्व में खांडेराव के जयघोष के साथ कई टन वजनी गाड़े खींचे जाएंगे। इस आयोजन को देखने हजारों श्रद्धालु जुटेंगे।थाना कोतवाली बड़वानी क्षेत्रांतर्गत नवलपुरा में गाड़ा खिंचाई के दौरान आयोजन मार्ग में आने वाले घरों की छतों पर बड़ी संख्या में लोग चढ़कर आयोजन देखते हैं। इससे दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। इस दुर्घटना की रोकथाम के लिए नवागत पुलिस अधीक्षक पदम विलोचन शुक्ला के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी दिनेश सिंह चौहान के नेतृत्व में थाना कोतवाली बलजीत सिंह बिसेन ने एक टीम गठित की। इस टीम ने लगभग 20 घरों को चिन्हित कर उनके मालिकों को नोटिस दिए हैं। नोटिस में कहा गया है कि उनके मकान की छत पर अनाधिकृत प्रवेश नहीं होने दिया जाएगा, अन्यथा इसकी पूरी जिम्मेदारी मकान मालिक की होगी। पुलिस ने आयोजन वाले पूरे क्षेत्र में थाना मोबाइल के पीए सिस्टम से मुनादी कर आम जनता से भी अपील की है।



Source link