छतरपुर जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के गर्रापुरवा गांव में खेत पर पेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में 56 वर्षीय किसान हरचरण कुशवाहा पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम ने घायल किसान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित हरचरण कुशवाहा ने बताया कि गणेशपुरा निवासी यादव परिवार के सदस्य उनके खेत में आ गए थे और खेत में लगा बमूरा का पेड़ काट रहे थे। जब हरचरण ने इसका विरोध किया और पेड़ काटने से रोका, तो आरोपियों ने मिलकर उन पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में आई चोट घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घायल किसान को खेत से निकालकर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार, हरचरण कुशवाहा के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है। एक ही परिवार के 7 लोगों पर हमले का आरोप पीड़ित किसान के अनुसार, हमला करने वालों में जय सिंह यादव, राजू यादव, बद्री यादव, रोहित यादव, मोहित यादव, महेंद्र यादव और भूरा यादव के नाम सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी आरोपी एक ही परिवार के सदस्य हैं। बयान के आधार पर कार्रवाई करेगी पुलिस घटना के बाद गढ़ीमलहरा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घायल किसान के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link