MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें: CM ने खेली होली, शिवराज ने गाया फाग; पुलिस को मारे पत्थर, 18 हजार वर्गफीट का कैक्टस गार्डन – Madhya Pradesh News

MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें:  CM ने खेली होली, शिवराज ने गाया फाग; पुलिस को मारे पत्थर, 18 हजार वर्गफीट का कैक्टस गार्डन – Madhya Pradesh News


MP दिनभर में आज की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।

.

दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, एमपी में आज, क्या रहा खास…

1. सीएम ने गुलाल से खेली होली, शिवराज ने फाग गया; विदेशी मेहमान भी रंग में रंगे

देशभर के साथ मध्य प्रदेश में भी बुधवार को होली का पर्व रंग, गुलाल और लोक परंपराओं के साथ मनाया गया। भोपाल के सीएम हाउस में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने फूलों और गुलाल से होली खेली। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फाग गया। स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने टिमकी और ढोलक की थाप पर फाग गाकर पारंपरिक होली मनाई। उज्जैन में सांसद अनिल फिरोजिया ‘भीगे चुनर वाली’ गीत पर झूमते नजर आए। रतलाम में मेयर प्रहलाद पटेल ने ‘लैला ओ लैला’ गीत पर डांस किया। वहीं, सागर में विधायक शैलेंद्र जैन ने पत्नी के साथ ‘चल छैया छैया’ पर थिरक कर कार्यकर्ताओं के साथ होली मनाई। निवाड़ी और खजुराहो में विदेशी मेहमानों ने भी जमकर रंगों का त्योहार मनाया। पढ़ें पूरी खबर…

2. भोपाल में अस्पताल में तोड़फोड़, पुलिस पर पथराव; मरीज की मौत के बाद गुस्साए परिजन का हंगामा

भोपाल के पटेल नगर स्थित लक्ष्मी हॉस्पिटल में एक युवक की मौत के बाद परिजन ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने हॉस्पिटल में तोड़फोड़ कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन ने पथराव कर दिया। इसमें एक पुलिसकर्मी के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि तीन अन्य को मामूली चोटें लगी हैं। पुलिस ने हंगामा कर रहे दो दर्जन से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। बताया गया है कि लक्ष्मण वंशकार आदमपुर छावनी का रहने वाला था। उसे पेट की गंभीर समस्या थी। 2 मार्च को चक्कर आने के बाद बेहोश हो गया था। अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल, कार्डियक अरेस्ट से मौत की बात कही जा रही है। पढ़ें पूरी खबर…

3. महाकाल मंदिर के पास हेरिटेज होटल में बना नॉनवेज, स्टॉफ की बातचीत का VIDEO

उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य द हेरिटेज होटल में नॉनवेज पकाने का वीडियो सामने आया है। यह होटल महाकाल मंदिर से सिर्फ 100 मीटर की दूरी पर है। शुद्ध शाकाहारी घोषित इस होटल का संचालन मध्य प्रदेश पर्यटन निगम (MPT) कर रहा है। वीडियो में इस होटल का स्टाफ होटल के अधिकारियों और अपने लिए रात में मांस- मछली पकाते हुए दिखाई दे रहा है। इस दौरान कर्मचारी कहते सुनाई दे रहे हैं कि मुर्गा-मछली के हाथ धो लेना। इतना ही नहीं, नॉनवेज पकाते समय रात में किचन के सीसीटीवी कैमरे का एंगल भी बदल दिया जाता है। वीडियो वायरल होने के बाद उज्जैन में हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता नाराज हैं। उन्होंने होटल के स्टाफ पर कार्रवाई की मांग की है। पढ़ें पूरी खबर…

4. रास्ता रोकने पर बाइक सवार ने युवक को मारी गोली, जबरन होली खेलने को लेकर विवाद

मुरैना जिले के जौरा कस्बे में होली पर रास्ता रोकने के विवाद में बाइक सवार ने युवक को गोली मार दी। घटना डाकघर इलाके की है, जहां दोनों पक्ष शराब के नशे में थे। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जौरा अस्पताल से मुरैना जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने इस मामले में एक नामजद और एक अज्ञात सहित दो लोगों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, संजय वाल्मीक अपने ग्रुप के साथ होली खेल रहा था। इसी दौरान हरवीर सिकरवार अपने एक साथी के साथ बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में संजय ने बाइक सवार हरवीर का रास्ता रोक लिया और उसे वहां से निकलने से मना किया। इसी बात पर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। पढ़ें पूरी खबर…

5. MP के 25 जिलों में तापमान 33°C के पार, मालवा-निमाड़ सबसे गर्म; बारिश के भी आसार

मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत में ही गर्मी असर दिखाने लगी है। खासकर मालवा-निमाड़ यानी इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में दिन का तापमान बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, धार में तापमान 35.9 डिग्री, नर्मदापुरम में 35.4 डिग्री, खरगोन में 35.2 डिग्री, खंडवा में 35.1 डिग्री और रतलाम में 35 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर, शाजापुर, गुना, टीकमगढ़, दमोह, सागर, सतना, मंडला, छतरपुर, सिवनी, उमरिया, सीधी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और रायसेन में तापमान 33 डिग्री या इससे ज्यादा ही रहा। मौसम विभाग की मानें तो मार्च के पहले पखवाड़े में ही प्रदेश में पारा 40 डिग्री तक पहुंच जाएगा। हालांकि, एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से बारिश होने के आसार भी हैं। पढ़ें पूरी खबर…

6. पार्किंग विवाद में परिवार को पीटा, रेस्टोरेंट संचालकों ने जान से मारने की धमकी दी

उज्जैन में महाकाल दर्शन के लिए आए जयपुर के परिवार के साथ पार्किंग को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर महाकाल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, जयपुर के प्रताप नगर सांगानेर निवासी नितिन चतुर्वेदी परिवार सहित उज्जैन आए थे। रात करीब 8 बजे उन्होंने अपनी महिंद्रा थार, नृसिंह घाट ब्रिज के पास सांवरिया भोजनालय के सामने खड़ी की और घाट पर चले गए। रात करीब 9:35 बजे जब परिवार वाहन के पास लौटा तो भोजनालय से दो युवक बाहर आए। उन्होंने खुद को महेंद्र और महेश माली बताते हुए 50 रुपए पार्किंग शुल्क मांगा। कारण पूछने पर दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। फिर मारपीट की। पढ़ें पूरी खबर…

7. डेढ़ साल की बच्ची खेत में बने गड्ढे में डूबी, मौत; मजदूर पिता की इकलौती संतान थी

इंदौर के खुडैल थाना इलाके में डेढ़ साल की बच्ची की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। 18 माह की रजनी घर के पास खेत में खेल रही थी। इसी दौरान पानी के लिए खोदे गए गड्ढे में औंधे मुंह गिर गई। करीब 20 मिनट बाद दादी ने तलाश की तो बच्ची गड्ढे में मिली। परिजन उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन ने बताया कि घटना के समय मां घर में खाना बना रही थी और दादी पास में काम कर रही थी। उन्हें लगा कि बच्ची घर में ही है। रजनी माता-पिता की इकलौती संतान थी। पिता मजदूरी करते हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर…

पॉजिटिव खबर

8. जबलपुर में 18 हजार वर्गफीट का कैक्टस गार्डन तैयार, 80 से ज्यादा वैरायटी

जबलपुर में 6वीं बटालियन परिसर में 18 हजार वर्गफीट का कैक्टस गार्डन तैयार किया गया है। इसमें 80 से अधिक प्रजातियों के कैक्टस और सक्यूलेंट्स लगाए गए हैं। कमांडेंट सिद्धार्थ चौधरी ने बताया कि गार्डन में विक्टोरिया, बैरल कैक्टस, मून कैक्टस और मिल्क कैक्टस सहित कई दुर्लभ और आकर्षक प्रजातियां हैं। मिल्क कैक्टस को सबसे महंगा और विशेष पौधा माना जाता है, जिसकी ऊंचाई 10 फीट तक पहुंच सकती है। इसमें तारे जैसी कई शाखाएं निकलती हैं। यह पौधा भारत में हर जगह उपलब्ध नहीं होता। उन्होंने कहा कि यहां मेक्सिको, साउथ अफ्रीका, मेडागास्कर, इटली और श्रीलंका समेत कई देशों की नस्लों के कैक्टस लगाए गए हैं। पढ़ें पूरी खबर…

खबर जरा हटके

9. शराब के नशे में कुएं में कूदा युवक, इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे परिजन; रातभर नशे में था

ग्वालियर में शराब के नशे में धुत एक युवक ने हंगामा कर दिया। परिजन उसकी हालत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसने भाइयों को धक्का देकर खुद को छुड़ाया और भागकर कुएं में कूद गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और युवक को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जनकगंज थाना क्षेत्र के निम्बाजी की खोह, भैंस मंडी निवासी 35 वर्षीय शिवसिंह उर्फ लल्ला कुशवाह प्राइवेट नौकरी करता था और शराब पीने का आदी था। परिजन के अनुसार, वह पूरी रात शराब पीता रहा। नशा अधिक होने पर उसकी हरकतें असामान्य हो गईं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर…

कल का बिग इवेंट

10. केंद्रीय मंत्री शिवराज कल मनाएंगे 66वां जन्मदिन; पर्यावरण, सेवा, सहायता, शिक्षा से जुड़े 5 संकल्प लेंगे

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 5 मार्च को अपना 66वां जन्मदिन मनाएंगे। इस मौके पर वे पर्यावरण, सेवा, सहायता, शिक्षा और प्रतिभा प्रोत्साहन से जुड़े 4 प्रण लेंगे। इसके तहत शिवराज विदिशा, रायसेन और सीहोर जिले के भैरूंदा में मामा कोचिंग शुरू करेंगे। जहां विदिशा संसदीय क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री कोचिंग मिलेगी। शिवराज सिंह चौहान विदिशा संसदीय क्षेत्र की आठों विधानसभाओं में मोबाइल हॉस्पिटल (चलित अस्पताल) भी शुरू करेंगे। इनमें हमेशा डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ तैनात रहेगा, जो बीमार लोगों की जांच कर उपचार मुहैया कराएगा। इसके अलावा शिवराज अपने संसदीय क्षेत्र के दिव्यांगों को खोजकर उन्हें मोटराइज्ड ट्राई साइकिल देंगे। पढ़ें पूरी खबर…



Source link