Last Updated:
Bumrah one wicket away from 500 international wicket: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ मैदान पर उतरते ही जसप्रीत बुमराह इतिहास रचने को तैयार हैं।. एक विकेट लेते ही ‘जस्सी’ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 500 विकेट पूरे कर लेंगे. वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस महामुकाबले में बुमराह यह उपलब्धि हासिल कर कुंबले और कपिल देव जैसे 7 दिग्गज भारतीय गेंदबाजों के एलीट क्लब में शामिल हो जाएंगे.
जसप्रीत बुमराह सेमीफाइनल में एक विकेट लेकर इतिहास रच देंगे.
मुंबई: भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाला सेमीफाइनल मुकाबला ऐतिहासिक लम्हे का गवाह बनने जा रहा है. भारतीय टीम के ‘योद्धा’ जसप्रीत बुमराह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 500 विकेटों के जादुई आंकड़े से मात्र एक कदम दूर हैं. 499 विकेट चटका चुके बुमराह जैसे ही इंग्लैंड का पहला शिकार करेंगे, वह अनिल कुंबले और कपिल देव जैसे सात दिग्गज भारतीय गेंदबाजों के एलीट क्लब में शामिल होने वाले आठवें गेंदबाज बन जाएंगे. घरेलू मैदान, सेमीफाइनल का दबाव और 500वां विकेट बुमराह की घातक यॉर्कर न केवल इतिहास रचने को बेताब है, बल्कि टीम इंडिया को फाइनल का टिकट दिलाने के लिए भी तैयार है.
500 इंटरनेशनल विकेटों का शिखर
जसप्रीत बुमराह अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 499 विकेट ले चुके हैं. इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में मात्र एक विकेट लेते ही उनके नाम 500 विकेट दर्ज हो जाएंगे. भारत के लिए अब तक केवल 7 गेंदबाज ही इस आंकड़े को छू पाए हैं. अगर बुमराह यह उपलब्धि हासिल करते हैं, तो वह अनिल कुंबले (956), रविचंद्रन अश्विन (765), हरभजन सिंह (717), कपिल देव (687), रवींद्र जडेजा (634), जहीर खान (610) और जवागल श्रीनाथ (551) जैसे दिग्गजों की फेहरिस्त में शामिल हो जाएंगे.
बुमराह का अब तक का सफर
बुमराह ने तीनों फॉर्मेट में अपनी घातक गेंदबाजी से लोहा मनवाया है:
टेस्ट क्रिकेट: 52 मैचों में 234 विकेट.
वनडे क्रिकेट: 89 मैचों में 149 विकेट.
टी20 इंटरनेशनल: 93 मैचों में 116 विकेट.
सूर्या की कप्तानी वाली भारतीय टीम फाइनल का रास्ता साफ करना चाहेगी
कुल मिलाकर 499 विकेटों के साथ बुमराह भारत के सबसे सफल तेज गेंदबाजों में से एक बन चुके हैं और वानखेड़े का घरेलू मैदान उनके इस मील के पत्थर के लिए सबसे सटीक मंच है. इस हाई-वोल्टेज मैच में दोनों टीमों का फॉर्म जबरदस्त है. इंग्लैंड की टीम मौजूदा टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है और उसने अपने सभी मैच जीते हैं. वहीं, टीम इंडिया ने भी शानदार प्रदर्शन किया है, जिसे टूर्नामेंट में एकमात्र हार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली.
सुपर-8 के आखिरी मैच में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर भारत ने सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया था. सूर्या की कप्तानी वाली भारतीय टीम जहां फाइनल का रास्ता साफ करना चाहेगी, वहीं बुमराह की नजरें अपनी सटीक यॉर्कर से न केवल इंग्लैंड के बल्लेबाजों को धराशायी करने पर होंगी, बल्कि क्रिकेट इतिहास के पन्नों में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज कराने पर भी होंगी.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें