खंडवा के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित खड़कपुरा इलाके में मक्का मस्जिद पर पत्थरबाजी हो गई थी। इस केस में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 6 आरोपियों को अरेस्ट कर लिया हैं। इनमें चार आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस ने दो आरोपियों को उसी मस्जिद के पास ले जाकर क्षेत्र में जुलूस निकाला हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे के आदी हैं। मंगलवार को ईशा की नमाज के दौरान मक्का मस्जिद पर पत्थर फेंकने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। मेन हिंदी स्कूल परिसर में घुसे कुछ युवकों ने मस्जिद की ओर पत्थर फेंके, जिनमें से एक पत्थर मस्जिद की पीछे की खिड़की पर लगा। तेज आवाज से नमाज अदा कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई थी। घटना की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मौके पर एकत्र हो गए और माहौल को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। स्थिति को संभालने के लिए CSP अभिनव कुमार बारंगे और प्रशिक्षु IPS अमित कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को आश्वस्त किया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। 24 घंटे में गिरफ्तारी, निकाला जुलूस
कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में वसीम पिता शकील और जाकिर पिता जाहिद, दोनों निवासी हरिगंज, खंडवा शामिल हैं। बुधवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों का खड़कपुरा क्षेत्र में जुलूस निकाला। पुलिस के अनुसार इस मामले में कुल छह आरोपी शामिल थे, जिनमें चार नाबालिग हैं। नाबालिग होने के कारण उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए जा सकते। आक्रोश के बीच पुलिस की सतर्कता
जब पुलिस आरोपियों को लेकर खड़कपुरा पहुंची तो वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। बीती रात की घटना को लेकर लोगों में आक्रोश था, पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित रखा। फिलहाल इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है। माहौल खराब करने की मंशा हो सकती है
पुलिस पूछताछ के दौरान गिरफ्तार सभी आरोपियों ने मस्जिद पर पत्थरबाजी को लेकर कोई खास वजह नहीं बताई है। उनका कहना है कि मेन हिंदी स्कूल के भीतर दीवार पर कबूतर बैठे हुए थे। हम लोग पत्थर फेंककर वहां से कबूतर भगा रहे थे। एक पत्थर जाकर मस्जिद की खिड़की पर लग गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि, आरोपियों की मंशा माहौल खराब कराने की हो सकती हैं। आगे पूछताछ चल रही हैं। सभी लोग नशे के आदी हैं।
Source link