एक्सीडेंट में घायल हुआ बीजेपी नेता, अस्पताल ले जाते समय स्ट्रेचर से गिरा, मौत

एक्सीडेंट में घायल हुआ बीजेपी नेता, अस्पताल ले जाते समय स्ट्रेचर से गिरा, मौत


Last Updated:

Bina News: हनुमत सिंह ठाकुर सेमरा गनपत गांव के निवासी थे. वह बीजेपी के खिमलासा ग्रामीण मंडल के महामंत्री थे. ठाकुर एक मार्च को सड़क हादसे में चोटिल हो गए थे. अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी थी.

Zoom

परिजनों ने एंबुलेंस चालक की पिटाई कर दी. (सांकेतिक तस्वीर)

बीना. मध्य प्रदेश के बीना में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. बीजेपी नेता हनुमत सिंह ठाकुर की मौत हो गई. दरअसल ठाकुर एक सड़क हादसे में घायल हो गए थे. उन्हें 108 एंबुलेंस से पहले मालथौन और फिर बेहतर इलाज के लिए सागर ले जाया गया. एंबुलेंस में वह कथित तौर पर स्ट्रेचर से गिर गए. वाहन का पिछला गेट खुला था. ठाकुर एंबुलेंस के फर्श पर खून से लथपथ पड़े थे. यह देख परिजनों ने एंबुलेंस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया और उसकी पिटाई कर दी. वहीं इलाज के दौरान बीजेपी नेता ने दम तोड़ दिया. बुधवार को परिजन और ग्रामीण शव लेकर थाने पहुंचे. विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने एंबुलेंस के चालक, ईएमटी और ठाकुर को टक्कर मारने वाले बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया. मामले की जांच की जा रही है.

मिली जानकारी के अनुसार, हनुमत सिंह ठाकुर सेमरा गनपत गांव के रहने वाले थे. वह बीजेपी के खिमलासा ग्रामीण मंडल के महामंत्री थे. ठाकुर एक मार्च को रोड एक्सीडेंट में घायल हो गए थे. अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी थी. 108 एंबुलेंस से पहले उन्हें मालथौन लाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें सागर ले जाया गया. परिजनों का आरोप है कि घायल हनुमत ठाकुर को लेकर एंबुलेंस जब सागर के एक निजी अस्पताल पहुंची, तो उसका पिछला गेट खुला था. वह स्ट्रेचर के बजाय एंबुलेंस के फर्श पर खून से लथपथ पड़े थे. इसे देख परिजन भड़क गए और उन्होंने एंबुलेंस चालक को पीट दिया.

पुलिस ने दर्ज किया केस
बुधवार को इलाज के दौरान हनुमत सिंह ठाकुर की मौत हो गई. जिसके बाद परिजन और ग्रामीण शव लेकर थाने का घेराव करने के लिए पहुंच गए. विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने एंबुलेंस चालक पुष्पेंद्र अहिरवार, ईएमटी हेमराज पटेल और टक्कर मारने वाले बाइक चालक (बाइक नंबर UP94 AE 0302) के खिलाफ केस दर्ज किया. खिमलासा थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल ने कहा कि परिजनों की शिकायत पर एंबुलेंस चालक और ईएमटी के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर लिया गया है. बाइक चालक के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है. मामले की जांच की जा रही है.

बीजेपी कार्यकर्ताओं में नाराजगी
बुधवार को थाने पर प्रदर्शन के दौरान स्थानीय किसान नेता इंदर सिंह भी पहुंचे थे. उन्होंने सत्ताधारी दल बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि हनुमत सिंह ठाकुर ने अपना पूरा जीवन आरएसएस और बीजेपी की सेवा में लगा दिया. उनके मुश्किल वक्त में कोई भी बड़ा बीजेपी नेता सुध लेने नहीं आया. इस बेरुखी पर कार्यकर्ताओं में काफी नाराजगी है.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link