ग्वालियर में व्यापारी से दिनदहाड़े 12 लाख की लूट: आंखों में मिर्ची स्प्रे डालकर 3 बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम – Gwalior News

ग्वालियर में व्यापारी से दिनदहाड़े 12 लाख की लूट:  आंखों में मिर्ची स्प्रे डालकर 3 बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम – Gwalior News




ग्वालियर में दिनदहाड़े लूट की एक वारदात सामने आई है। कोटा के ऑटो स्पेयर पार्ट व्यापारी भरत भुटानी से तीन नकाबपोश बदमाशों ने लगभग 12 लाख रुपए कीमत के सोने के आभूषण लूट लिए। यह घटना गुरुवार दोपहर 3:00 से 3:30 बजे के बीच पड़ाव थाना क्षेत्र स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई। बदमाशों ने पहले व्यापारी भरत भुटानी की आंखों में मिर्ची स्प्रे डाला। इसके बाद कट्टा दिखाकर उनके गले से 8 तोला वजनी सोने की चेन और हाथ का कड़ा लूटकर फरार हो गए। पीड़ित व्यापारी भरत भुटानी (निवासी 157 राजीव गांधी नगर, कोटा) तानसेन नगर में रहने वाले अपने एक व्यापारी मित्र से मिलने के लिए गुरवार को एक्टिवा पर सवार होकर जा रहे थे। तभी रास्ता भटकने के कारण वे रेलवे पटरी की तरफ चले गए, जहां पहले से ही मौजूद तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। घटना के कुछ देर बाद व्यापारी ने थाने पहुंचकर मामले की जानकारी देते हुए पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। हालांकि, पुलिस को इस लूट के मामले पर अभी संदेह भी है। भरत भुटानी ने पुलिस को बताया कि वे 27 फरवरी को कोटा से ग्वालियर आए थे। वे यहां होली पर आदर्श रामलीला समिति द्वारा आयोजित रामलीला में शामिल होने पहुंचे थे। व्यापारी पिछले 8 सालों से इस रामलीला में विभिन्न महापुरुषों के किरदार निभाते आ रहे हैं। पड़ाव थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव ने बताया कि व्यापारी ने थाने आकर शिकायत की थी कि उसे गलत रास्ता बताकर बदमाशों ने पहले आंखों पर मिर्ची स्प्रे डाला, फिर सोने के जेवर लूटकर ले गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए जा रहे हैं। जो भी जांच में सामने आएगा, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।



Source link