Last Updated:
Jasprit Bumrah 500 Wickets: जसप्रीत बुमराह ने वानखेड़े स्टेडियम में इतिहास रच दिया है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक का विकेट लेते ही बुमराह ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 500 विकेट पूरे कर लिए. 2016 में डेब्यू करने वाले बुमराह यह जादुई आंकड़ा छूने वाले दिग्गज भारतीय गेंदबाजों की फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं. ‘बूम-बूम’ के इस कीर्तिमान से फैंस गदगद हैं.
बुमराह के 500 विकेट पूरे.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट के ‘यॉर्कर किंग’ जसप्रीत बुमराह ने वानखेड़े स्टेडियम के ऐतिहासिक मैदान पर इतिहास रच दिया है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ गेंदबाजी की शुरुआत करते ही बुमराह ने वह मुकाम हासिल कर लिया, जिसका सपना हर गेंदबाज देखता है. इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक का विकेट चटकाते ही बुमराह ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 500 विकेट पूरे कर लिए हैं. मैच के पांचवें ओवर में जब कप्तान सूर्यकुमार यादव ने गेंद बुमराह को थमाई, तो उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर जादू बिखेर दिया. एक सटीक स्लोअर बॉल पर हैरी ब्रूक गच्चा खा गए और अक्षर पटेल ने एक हैरतअंगेज कैच लपककर ब्रूक की पारी का अंत किया. ब्रूक मात्र 7 रन बना सके, लेकिन यह विकेट बुमराह के करियर का सबसे यादगार विकेट बन गया.
मौजूदा वर्ल्ड कप में ‘बूम-बूम’ का जलवा
अहमदाबाद का यह तेज गेंदबाज इस वर्ल्ड कप में भारत का सबसे बड़ा हथियार साबित हुआ है. उन्होंने अब तक 7 मैचों में 10 विकेट झटके हैं. दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 मुकाबलों में वह भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे. इतना ही नहीं, कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप मैच में उन्होंने अपने पहले ही ओवर में सैम अयूब और सलमान अली आगा को आउट कर सनसनी मचा दी थी.
बुमराह के 500 विकेट पूरे.
23 जनवरी 2016 को सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डेब्यू करने वाले इस 32 वर्षीय गेंदबाज ने पिछले 10 सालों में विश्व क्रिकेट पर राज किया है. बुमराह के 500 विकेटों का सफर कुछ इस प्रकार है:
टेस्ट क्रिकेट: 52 मैचों में 234 विकेट
वनडे क्रिकेट: 89 मैचों में 149 विकेट
टी20 अंतरराष्ट्रीय: 94 मैचों में 117 विकेट (ब्रूक के विकेट सहित)
आधुनिक युग के सबसे महान तेज गेंदबाज बन चुके हैं बुमराह
वानखेड़े में गूंजता ‘बूम-बूम बुमराह’ का नारा इस बात का गवाह है कि वह आधुनिक युग के सबसे महान तेज गेंदबाज बन चुके हैं. 500 विकेट का यह आंकड़ा तो बस एक पड़ाव है, भारतीय फैंस को उम्मीद है कि बुमराह का यह स्पेल भारत को विश्व विजेता बनाकर ही रुकेगा.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें