खंडवा में आपत्तिजनक पोस्ट पर बवाल: थाने के बाहर जमा भीड़ पर पुलिस का लाठीचार्ज; धर्मगुरु पर टिप्पणी से गरमाया मामला – Khandwa News

खंडवा में आपत्तिजनक पोस्ट पर बवाल:  थाने के बाहर जमा भीड़ पर पुलिस का लाठीचार्ज; धर्मगुरु पर टिप्पणी से गरमाया मामला – Khandwa News



खंडवा जिले के मोघट रोड थाने पर गुरुवार रात एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भारी बवाल हो गया। मुस्लिम समाज के धर्मगुरु पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में बड़ी संख्या में लोग थाने पर इकट्ठा हो गए। बेकाबू होती स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ीं। हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कई लोगों को हिरासत में भी लिया है। जानकारी के अनुसार, किसी व्यक्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मुस्लिम समाज के धर्मगुरु को लेकर एक आपत्तिजनक पोस्ट साझा की थी। इस पोस्ट के सामने आते ही समाज के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया था, लेकिन इस बीच कार्रवाई की मांग और विरोध जताने के लिए बड़ी संख्या में लोग मोघट रोड थाने के बाहर जमा हो गए। अधिकारियों से तीखी बहस, फिर पुलिस ने भांजी लाठियां थाने पर जुटी भीड़ और वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों के बीच बातचीत के दौरान तीखी बहस और तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हालात तनावपूर्ण हो गए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और बेकाबू होती भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज करना पड़ा। लाठीचार्ज होते ही मौके पर अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। कई लोग हिरासत में, शांति बनाए रखने की अपील बवाल और हंगामे को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मौके से कई लोगों को हिरासत में लिया है। शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस-प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए आमजनों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।



Source link