संबल योजना की अंत्येष्टि सहायता राशि नहीं मिली: मृतक का परिवार महीनों से भटक रहा; पंचायत पर लापरवाही का आरोप – Jhabua News

संबल योजना की अंत्येष्टि सहायता राशि नहीं मिली:  मृतक का परिवार महीनों से भटक रहा; पंचायत पर लापरवाही का आरोप – Jhabua News




झाबुआ जिले के ग्राम बिजोरी में संबल योजना के तहत मिलने वाली अंत्येष्टि सहायता राशि एक पात्र परिवार को महीनों बाद भी नहीं मिली है। ग्राम पंचायत कुम्भाखेड़ी की कथित लापरवाही और प्रशासनिक सुस्ती के कारण मृतक ऊंकार गमीर भूरिया के परिजन सहायता के लिए भटकने को मजबूर हैं। उंकार भूरिया का निधन 20 जून 2024 को हुआ था और वे संबल योजना के तहत पंजीकृत श्रमिक थे, जिसके कारण उनके परिवार को नियमानुसार तत्काल सहायता मिलनी थी। सरकारी दस्तावेजों के अनुसार, मृतक की आईडी 145915233 पर योजना का पंजीयन 29 जून 2024 को दर्ज किया गया था। इसके अगले ही दिन, 30 जून को इस सहायता राशि की औपचारिक स्वीकृति भी मिल गई थी। हालांकि, धरातल पर यह राशि आज तक पीड़ित परिवार के हाथों में नहीं पहुंची है। सरपंच ने जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ा मृतक के पुत्र रामेश्वर ने जब झाबुआ स्थित संबंधित कार्यालय से संपर्क किया, तो उन्हें बताया गया कि राशि स्वीकृत होकर उन्हें मिल चुकी है। इस विरोधाभास को लेकर रामेश्वर ने ग्राम पंचायत सरपंच से जवाब मांगा। सरपंच ने योजना बंद होने का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। पंचायत सचिव भीमसिंह कटारा से सवाल किए जाने पर उन्होंने कहा कि उनकी नियुक्ति जुलाई 2025 में हुई है और उन्हें इस पुराने मामले की जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने जांच कर राशि दिलाने का आश्वासन दिया है। मामले की जांच करेंगे जनपद पंचायत के पंचायत निरीक्षक जीएस चौहान ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत मिलने पर उचित जांच और कार्रवाई करने की बात कही है।



Source link