एरोड्रम पुलिस ने बुधवार रात चेकिंग के दौरान नशे में कार चलाते युवक को पकड़ा। पुलिस रिपोर्ट लिखने की लिखा-पढ़ी कर रही थी इतनी देर में वह थाने से ही कार लेकर फरार हो गया। 500 मीटर दूर एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर घायल हो गया। वह कोमा में है। वहीं एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ, जिसका उपचार कराया गया है। इधर, पुलिस ने गैरइरादतन हत्या के आरोप में केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है। एरोड्रम थाना पुलिस ने छोटा बांगड़दा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान कार चालक दीपक पिता शंकरलाल को ड्रिंक एंड ड्राइव करते हुए पकड़ा था। पुलिस कार सहित आरोपी को थाने लेकर पहुंची थी। मौका पाकर आरोपी दीपक ने थाने से चाबी उठाई और कार लेकर फरार हो गया। तेज रफ्तार कार चलाते हुए एक बाइक को टक्कर मार दी। इस पूरे घटनाक्रम का एक युवती ने वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी पर कार्रवाई की। इधर, पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। जब कार थाने में जब्त थी तो आरोपी उसे लेकर कैसे फरार हो गया? थाने के अंदर मौजूद पुलिसकर्मी आरोपी को रोक भी नहीं पाए। भीड़ का फायदा उठाया
थाने पर काफी भीड़ थी। इसी दौरान आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर टेबल पर रखी चाबी लेकर भाग गया। जब तक उसे पकड़ने दौड़ते वह कार लेकर भाग गया था। फिर उसने कुछ दूरी पर जाकर एक्सीडेंट कर दिया। गैरइरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज करके उसे जेल भेज दिया है।
– तरुण भाटी, एरोड्रम थाना प्रभारी
Source link