अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच यूएई में पहले फ्लाइट बंद होने व अब सीमित संख्या में फ्लाइट संचालन के कारण कई लोग अब भी वहां फंसे हुए हैं। सीमित रूट पर फ्लाइट शुरू होने से इनके किराए में 8-10 गुना तक की बढ़ोतरी हो गई है। दुबई से मुंबई का किराया 60 हजार रुपए
.
दुबई में फंसे इंदौर के आठ लोगों के ग्रुप ने दुबई से 160 किमी दूर फुजैरा से मुंबई तक फ्लाइट बुक की है। प्रति व्यक्ति किराया करीब 85 हजार रुपए रहा। ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन के अनुसार अभी सीमित संख्या में फ्लाइट संचालन से यह स्थिति बन रही है। आने वाले दिनों में सभी फ्लाइटों के संचालन के बाद स्थिति सामान्य हो जाएगी।
85 हजार रुपए में करवाई बुकिंग इंदौर से दुबई गए आठ लोगों का ग्रुप दुबई में चार दिन तक फंसा रहा। ग्रुप से जुड़े लोग 2 मार्च को आने वाले थे, हालांकि फ्लाइट निरस्त होने से वहीं रह गए। दो दिन पहले वाया कोच्चि होते हुए फ्लाइट करवाई थी, हालांकि आखिरी मौके पर वह फ्लाइट भी निरस्त हो गई।
ग्रुप से जुड़े संजय गोयल ने कहा अब फुजैरा से मुंबई तक की फ्लाइट बुक करवाई और रात को इससे मुंबई पहुंचे। उन्होंने कहा प्रति व्यक्ति 85 हजार रुपए फेयर आया है। फ्लाइट के लगातार निरस्त होने के कारण मुंबई से इंदौर तक के टिकट नहीं करवाए थे। गोयल ने कहा कि दुबई में सभी लोग सुरक्षित थे, किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है। होटलें भी काफी सस्ती हैं। यूएई सरकार भी यात्रियों की काफी मदद कर रही है।
दुबई से मुंबई सीधी फ्लाइट का फेयर 6 मार्च: 78 हजार से लेकर 1.21 लाख रुपए तक। 7 मार्च: 61 हजार से लेकर 1.18 लाख रुपए तक। 8 मार्च: 54 हजार से लेकर 1.09 लाख रुपए तक। 9 मार्च: 27 हजार से लेकर 82 हजार रुपए तक। 10 मार्च: 18 हजार से लेकर 1.09 लाख रुपए तक।
लगातार निरस्त हो रहे टूर इधर, जिन लोगों ने पहले दुबई की आगे की बुकिंग थी, उन्होंने भी स्थिति को देखते हुए बुकिंग निरस्त कर दी है। एक ट्रेवल कंपनी के प्रमुख ने कहा कि उनकी मार्च के पहले सप्ताह में तीन बुकिंग थी, तीनों निरस्त कर दी गई हैं। जिनकी मार्च के आखिरी सप्ताह या अप्रैल की बुकिंग है, वे भी असमंजस में हैं।
सबकुछ सामान्य, दुबई में रह रहे लोग मदद के लिए आगे आए मिडिल ईस्ट दुबई के चेयरमैन चंद्रशेखर भाटिया ने कहा दुबई में सबकुछ नार्मल है। ऑफिस खुले हुए हैं। लोग आराम से घूम रहे हैं। यूएई सरकार भी लोगों को काफी सपोर्ट कर रही है। वहीं, दुबई के लोग भी फ्लाइट निरस्त होने से फंसे हुए लोगों की मदद कर रहे हैं। हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। विभिन्न संगठनों के लोगों द्वारा भी लगातार मदद की जा रही है। कई लोगों ने अपनी बिल्डिंग भी लोगों के लिए खोल दी है।