देवास के वार्ड क्रमांक 11 में कई दिनों से कचरा गाड़ी नहीं पहुंचने से नाराज रहवासियों ने नगर निगम डिपो पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि राहुल पंवार भी मौके पर पहुंचे और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। रहवासियों का आरोप है कि पिछले आठ दिनों से उनके वार्ड में कचरा गाड़ी नहीं आई है, जबकि उनसे पूरे महीने का कचरा शुल्क वसूला जा रहा है। मजबूरी में लोग खाली प्लॉटों में कचरा फेंकने को मजबूर हैं, जिससे क्षेत्र में गंदगी फैल रही है। उनका कहना है कि महीने में मुश्किल से दस दिन ही कचरा उठाया जाता है। समस्या को लेकर रहवासियों ने नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि राहुल पंवार से शिकायत की। इसके बाद पंवार नगर निगम डिपो पहुंचे, जहां नगर निगम कर्मचारियों और प्रदर्शन कर रहे रहवासियों के बीच तीखी बहस भी हुई। निगम नहीं दे पा रही है सुविधा राहुल पंवार ने कहा कि कचरा नहीं उठने के कारण लोगों के घरों में कचरा सड़ने लगा है, जबकि कचरा गाड़ियां डिपो में खड़ी-खड़ी खराब हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम कचरा शुल्क तो वसूल रहा है, लेकिन नागरिकों को सुविधा देने में विफल साबित हो रहा है। पंवार ने यह भी सवाल उठाया कि लाखों रुपए के मेंटेनेंस बिल बनाए जाने के बावजूद कचरा गाड़ियां खराब क्यों पड़ी हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं। हालांकि नगर निगम कमिश्नर ने व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया है।
Source link