संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित किया। इसमें नरसिंहपुर जिले के करकबेल गांव की डॉ. दीक्षा पाटकार ने 88वीं रैंक हासिल की, जबकि तेंदूखेड़ा में पदस्थ एसडीएम पूजा सोनी को 249वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। दीक्षा पाटकार नरसिंहपुर के करकबेल गांव निवासी किराना व्यवसायी हेमराज पाटकार की बेटी हैं। उन्होंने चिकित्सा के क्षेत्र में पहले ही सफलता हासिल की थी। अब उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा उत्तीर्ण की है। दीक्षा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के एक निजी स्कूल से प्राप्त की। कक्षा 8वीं से 12वीं तक की पढ़ाई उन्होंने नवोदय विद्यालय बोहानी से पूरी की। चिकित्सा क्षेत्र में जाने के लिए उन्होंने कोटा में एक साल कोचिंग की और पहले ही प्रयास में नीट परीक्षा पास की। उन्होंने जोधपुर एम्स से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की और पहले ही प्रयास में नीट पीजी भी उत्तीर्ण किया। दिल्ली एम्स से उन्होंने स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में एमडी की उपाधि हासिल की। गुना और जबलपुर के मेडिकल संस्थानों में कुछ समय सेवा देने के बाद, उनका रुझान प्रशासनिक सेवाओं की ओर बढ़ा और उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू की। अपने पहले प्रयास में दीक्षा ने प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण कर ली थी, लेकिन मुख्य परीक्षा में उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने दिल्ली से ऑनलाइन कोचिंग के जरिए अपनी तैयारी जारी रखी। दूसरे प्रयास में उन्होंने प्रीलिम्स, मेन्स और इंटरव्यू तीनों चरणों को सफलतापूर्वक पार करते हुए 88वीं रैंक प्राप्त की। सही मार्गदर्शन से तैयारी करें नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा में पदस्थ एसडीएम पूजा सोनी ने भी यूपीएससी परीक्षा में 249वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त की और बताया कि आईएएस बनना उनका बचपन का सपना था। पूजा सोनी मूल रूप से पन्ना जिले की देवेंद्रनगर तहसील की रहने वाली हैं। उनके पिता खेती-किसानी करते हैं और उनका घर में बर्तनों का व्यवसाय भी है। उन्होंने अपनी तैयारी के संबंध में बताया कि कोचिंग आवश्यक नहीं है, लेकिन सही मार्गदर्शन से तैयारी की प्रक्रिया सरल हो जाती है। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि जगह नहीं, बल्कि समय का सही उपयोग और आत्मविश्वास सफलता की कुंजी है।
उन्होंने कहा कि जॉब के साथ तैयारी करना कठिन जरूर है, लेकिन असंभव नहीं है। अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता जरूर मिलती है।
युवाओं को दिया संदेश
पूजा सोनी ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने अंदर आत्मविश्वास रखना चाहिए। असफलता भी जीवन का हिस्सा है और उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। सही दिशा में मेहनत और समय का सदुपयोग ही सफलता की राह बनाता है। दोनों बेटियों की इस उपलब्धि से नरसिंहपुर जिले में गर्व का माहौल है और लोगों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
Source link