छेड़छाड़ की शिकायत के बाद परिवार पर लाठी-डंडों से हमला: छतरपुर में रिपोर्ट वापस लेने दबाव बना घर में घुसे आरोपी; 16 वर्षीय छात्रा समेत तीन घायल – Chhatarpur (MP) News

छेड़छाड़ की शिकायत के बाद परिवार पर लाठी-डंडों से हमला:  छतरपुर में रिपोर्ट वापस लेने दबाव बना घर में घुसे आरोपी; 16 वर्षीय छात्रा समेत तीन घायल – Chhatarpur (MP) News




छतरपुर जिले के परसनियां गांव में छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराने के बाद एक परिवार पर हमला किया गया। आरोप है कि शिकायत से नाराज आरोपियों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडों से हमला किया। इस हमले में 16 वर्षीय छात्रा सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार के सदस्य ने बताया कि गुरुवार को गांव के मोतीलाल कुशवाहा और उनके साथी उनकी बहन के घर के सामने शराब पी रहे थे। इस दौरान उन्होंने गाली-गलौज की और घर की महिलाओं के साथ छेड़छाड़ भी की। परिवार द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की थी। रात में चौकी पहुंच की थी शिकायत
इस घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने उसी रात अटकोंहां चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि शिकायत की जानकारी मिलने पर आरोपी शुक्रवार सुबह उनके घर पहुंचे। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने रिपोर्ट वापस नहीं ली, तो शुक्रवार दोपहर में आरोपी फिर से उनके घर पहुंचे। उन्होंने घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में सुमन्नीलाल की बहन, बहनोई और 16 वर्षीय भांजी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल तीनों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पीड़ित पक्ष ने मोतीलाल कुशवाहा, उनकी पत्नी और बेटी पर घर में घुसकर मारपीट करने और रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और वह पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। दोनों पक्षों पर मामला दर्ज
मामले में अतकोंहां चौकी प्रभारी सोहन संयाम का कहना है कि दोनों पक्षों का पारिवारिक विवाद है। दोनों पक्ष थाने आए थे। दोनों पक्षों पर समान धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।



Source link