इलेक्ट्रानिक कारोबारी के साथ ऑनलाइन ठगी: एपीके फाईल भेजकर अंकाउट से साढे पांच लाख निकाले – Indore News

इलेक्ट्रानिक कारोबारी के साथ ऑनलाइन ठगी:  एपीके फाईल भेजकर अंकाउट से साढे पांच लाख निकाले – Indore News




इंदौर के लसूड़िया क्षेत्र में साइबर अपराधियों ने एक इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी को ठगी का शिकार बना लिया। बदमाशों ने मोबाइल पर एपीके फाइल भेजकर उनके बैंक अकाउंट से करीब साढ़े पांच लाख रुपए निकाल लिए। कारोबारी ने 24 जनवरी को साइबर पुलिस में शिकायत की थी। जांच के बाद गुरुवार को मामला लसूड़िया थाने पहुंचा, जहां अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। लसूड़िया पुलिस के मुताबिक, अशिष पुत्र ज्ञानेंद्र तिवारी निवासी शांति निकेतन, बॉम्बे हॉस्पिटल क्षेत्र के रहने वाले हैं। उन्होंने करीब साढ़े पांच लाख रुपए की साइबर ठगी होने की शिकायत दर्ज कराई है। तिवारी के अनुसार, 24 जनवरी 2026 को उनके मोबाइल पर वाहन चालान से जुड़ी एक एपीके फाइल आई थी। जैसे ही उन्होंने फाइल खोली, उनके बैंक अकाउंट से अचानक बैलेंस कटने लगा। कुछ ही देर में पांच से अधिक ट्रांजेक्शन के जरिए अकाउंट से करीब साढ़े पांच लाख रुपए निकाल लिए गए। इसके बाद उन्होंने तुरंत बैंक को सूचना दी और साइबर हेल्पलाइन नंबर पर भी शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद मामला लसूड़िया पुलिस को भेजा गया, जहां अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार जिस लिंक के जरिए ठगी की गई, वह हांगकांग से संचालित हो रहा था, हालांकि ट्रांजेक्शन भारत में ही हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



Source link