शाजापुर के आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे-52 पर शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे एक सड़क हादसा हुआ। नैनावद के पास जिओ पेट्रोल पंप के सामने एक टीयूवी जीप बेकाबू होकर हाईवे के बीच बनी खाई में पलट गई। इस दुर्घटना में जीप चालक बाल-बाल बच गया और उसे गंभीर चोटें नहीं आईं। जानकारी के अनुसार, साजोद गांव निवासी मोहित शाजापुर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर सामने से एक वाहन गलत दिशा में आता दिखाई दिया। मोहित ने उसे बचाने का प्रयास किया, जिससे उनकी टीयूवी जीप अनियंत्रित हो गई। जीप सड़क से नीचे उतरकर खाई में जा गिरी और तीन बार पलटी खाई। दुर्घटना होते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और चालक मोहित को जीप से सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। नैनावद चौकी प्रभारी जीएस सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। उन्होंने पुष्टि की कि चालक सुरक्षित है और मामले की जांच की जा रही है।
Source link