शाजापुर में रंगपंचमी के अवसर पर भव्य फाग यात्रा और रंगोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने शहर में 300 से अधिक पुलिस जवानों को तैनात करने का निर्णय लिया है। आरआई वंदना सिंह ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों की मदद से निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रंगपंचमी पर हुड़दंग या अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फाग यात्रा रविवार दोपहर 12 बजे आजाद चौक से शुरू होगी। यह यात्रा छोटा चौक, सोमवारिया बाजार और मगरिया मार्ग से होते हुए बस स्टैंड पर समाप्त होगी। इस यात्रा में शहर के बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर रंगों के साथ उत्सव मनाएंगे। आयोजन के दौरान डीजे पर प्रतिबंध रहेगा और पारंपरिक ढोल-नगाड़ों व लोक नृत्यों के साथ फाग यात्रा निकाली जाएगी। शाजापुर में हर साल होली का पर्व पांच दिनों तक धूमधाम से मनाया जाता है। रंगपंचमी के दिन पूरे शहर में रंगोत्सव का माहौल रहता है। आजाद चौक पर सुबह से ही सार्वजनिक होली उत्सव समिति द्वारा रंगों की बौछार शुरू कर दी जाएगी, जिसके बाद फाग यात्रा के साथ पूरा शहर रंगों में सराबोर नजर आएगा। इस दिन लोग पारंपरिक रूप से कीचड़ की होली भी खेलते हैं और उत्साह के साथ एक-दूसरे पर रंग-गुलाल लगाकर त्योहार मनाते हैं। शाम को भजन संध्या शनिवार शाम 7 मार्च को चंद्रशेखर आजाद होली उत्सव समिति द्वारा आजाद चौक में “एक शाम सांवरिया सेठ के नाम” भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें राजस्थान के आरआर म्यूजिकल ग्रुप के कलाकार रोहित राजस्थानी भगवान सांवरिया सेठ के भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे। शाजापुर में मनाई जा रही परंपरागत पांच दिवसीय होली के चौथे दिन शनिवार को भी आजाद चौक पर रंग-गुलाल की धूम रही। सुबह करीब 10 बजे से बड़ी संख्या में युवा, बच्चे और होली प्रेमी एकत्रित हुए और होली गीतों व ढोल की धुनों पर जमकर थिरके। इस दौरान जनप्रतिनिधियों से लेकर आम नागरिक तक सभी रंग-गुलाल में सराबोर नजर आए।
Source link