उज्जैन में शिप्रा नदी के रामघाट पर शनिवार को डूब रहे श्रद्धालु की तैराकों ने जान बचा ली। डूब रहा युवक हरियाणा से परिवार के साथ महाकाल मंदिर दर्शन के लिए उज्जैन आया था। इस दौरान वो शिप्रा नदी में नहान के लिए पहुंचा था। युवक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा जिसे होमगार्ड-एसडीईआरएफ जवान और मां शिप्रा तैराक दल के तैराकों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रामघाट पर होमगार्ड के ईश्वर चौधरी और मां शिप्रा तैराक दल के संतोष सोलंकी ने बताया कि हरियाणा का रहने वाला 23 वर्षीय अंकित सैनी परिवार के साथ महाकाल दर्शन करने के बाद सुबह करीब 10 बजे परिवार के साथ रामघाट पर स्नान कर रहा था तभी गहराई में चला गया। परिवार के लोगों ने आवाज लगाकर मदद मांगी जिसके बाद तैराक दल के होमगार्ड-एसडीईआरएफ जवान राहुल मंगलेश्वरी, संतोष सोलंकी और मां शिप्रा तैराक दल के रूपसिंह कहार और तेजा कहार ने बिना देर किए नदी में छलांग लगाकर अंकित सैनी को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें डूब रहे युवक को तैराक बाहर निकालते हुए दिखाई दे रहे है। हरियाणा से आए परिवार ने युवक को सुरक्षित बाहर निकालने पर सभी का आभार माना।
Source link